खूबसूरत और दमकती त्वचा के लिए आप क्या करते हैं- तरह-तरह के ब्यूटी ट्रीटमेंट लेते हैं या बाजार से तमाम तरीके के नए-नए प्रसाधनों का इस्तेमाल करते हैं। बजट तो बिगड़ता है ही, साथ ही तरह-तरह के केमिकल्स चेहरे की प्राकृतिक दमक को खत्म कर देते हैं। ऐसे में पपीते के इस्तेमाल से चेहरे की खोई हुई चमक तो लौट सकती है ही, साथ ही आपकी त्वचा सर्दियों में भी दमकेगी।
वीएलसीसी हेल्थकेयर लिमिटेड की ब्यूटी और आरएंडी हेड डॉ. शोभा सेहगल से बातचीत के आधार पर हम आपको बताते हैं कि किस तरह पपीते के इस्तेमाल से आप इस मौसम में अपनी त्वचा को स्वस्थ और दमकदार बना सकते हैं।
बेदाग गोरेपन के लिए पपाया मिल्क पैक
चेहरे पर दाग-धब्बे हटाने और बेदाग गोरेपन के लिए आप पपाया मिल्क ट्राइ कर सकते हैं। कच्चे पपीते का पेस्ट बनाएं और इसमें दूध मिलाएं। इस मिश्रण को रोज चेहरे पर 15 मिनट लगाएं और सिर्फ पानी से धो लें।
दमकती त्वचा के लिए पपाया पल्प पैक
चेहरे पर ग्लो बढ़ाने के लिए यह परफेक्ट पैक है। पपाया का पल्प निकालकर पेस्ट बनाएं। इसमें नींबू क रस मिला लें। इस पैक को प्रतिदिन 15 मिनट के लिए चेहरे पर लगाकर पानी से धो लें।
मुलायम त्वचा के लिए एग पपाया हनी पैक
अगर आपको अंडे से परहेज नहीं है तो यह पैक आपकी त्वचा के लिए सर्दियों में परफेक्ट है। इसके लिए दो चम्मच पपीते को मैश कर लें। इसमें एक चम्मच शहद और एक अंडे का सफेद भाग अच्छी तरह मिलाएं। इसे चेहरे पर 15 मिनट के लिए लगाकर पानी से धो लें।