'फाइव प्रॉब्लम्स वन सॉल्यूशन' एक हेयर केयर उत्पाद के विज्ञापन में भले ही आपको अपने बालों की सारी प्रॉब्लम्स का उपाय मिले या न मिलें, लेकिन आपकी त्वचा की फाइव प्रॉब्लम्स- टैनिंग, सनबर्न, मुंहासे, जलन और डलनेस से छुटकारे का सॉल्यूशन पुदीना जरूर है। आइए जानें इस मौसम की आपकी पांच बड़ी स्किन प्रॉब्लम्स से पुदीना किस तरह छुटकारा दिला सकता है।
1. सनबर्न - गर्मियों में तेज धूप में सनबर्न की समस्या बेहद आम है। सनबर्न वाली त्वचा पर मुल्तानी मिट्टी में पुदीने का रस या पेपरमेंट ऑयल मिलाकर लगाने से आराम मिलता है।
2. टैनिंग - अक्सर धूप में अधिक निकलने से त्वचा टैन हो जाती है। ऐसे में रंगत निखारने और टैनिंग दूर करने के लिए त्वचा पर पुदीने की पत्तियों का लेप लगाने से जल्द फायदा मिलता है। इसमें मौजूद ओमेगा-3 फैटी एसिड टैनिंग दूर करते हैं।
3. मुंहासे - गर्मियों के मौसम में अक्सर ऑयली स्किन वाले लोगों को मुंहासे की समस्या अधिक होती है। पुदीने और मुल्तानी मिट्टी के फेसपैक से मुंहासे दूर होते हैं।
4. जलन - कई बार त्वचा पर किसी कीड़े के काटने या गर्मी की वजह से रैशेज और जलन जैसी समस्याएं हो जाती हैं। ऐसे में पुदीने का पेस्ट लगाने से आपको तुरंत ठंडक महसूस होगी। साथ ही यह बेहतरीन एंटीसेप्टिक भी है।
5. डलनेस - बदलते मौसम में त्वचा में ड्राइनेस होना स्वाभाविक है। अगर आप डाइट में पुदीना लेंगे तो त्वचा को भरपूर एंटीऑक्सीडेंट्स मिलेंगे और त्वचा का ग्लो बरकरार रहेगा।