आपके बाल चाहें ऑयली हों या फिर ड्राइ, उनकी जरूरतों और देखभाल भी अलग-अलग ही होगी। स्वस्थ और दमकते बालों के लिए जरूरी नहीं कि पार्लर जाकर जेब ढीली करनी पड़े। आप घर पर ही आप बालों के लिए हेयर पैक्स तैयार कर सकते हैं जिनसे आपके बालों को हमेशा मजबूत और खूबसूरत रख सकते हैं, वो भी बिना जेब ढीली किए।
रूखे और बेजान बालों के लिए
रूखे बालों के लिए केले का पैक हर मौसम के हिसाब से पिठ है। एक केले को मैश कर लें। इसमें एक चम्मच शहद और एक चम्मच नींबू का रस मिलाएं। इसे बालों की जड़ों में अच्छे से लगाकर एक घंटे तक छोड़ दें और फिर शैंपू से धो लें।
आप चाहें तो उड़द के दाल का पेस्ट बनाकर इसमें एक चम्मच दही मिलाएँ और बालों में लगाकर छोड़ दें। शैंपू के बाद आपके बाल बेहद मुलायम और चमकदार दिखेंगे। इसके अलावा तीन चम्मच फुल क्रीम दूध में दो अंडे फेंटकर लगाने के बाद शैंपू करने से भी बालों को नमीं मिलती है।
डल और दोमुहे बालों के लिए
डल हेयर अक्सर दोमुहे और डैमेज बाल होते हैं। खासतौर पर बालों की रीबौंडिंग या स्ट्रेटनिंग के बाद बाल डल हो ही जाते हैं। इनके लिए हेयर पैक तैयार करते वक्त ध्यान रखें कि बालों के लिए जरूरी पोषक तत्व आपके बालों में जरूर हों। ऐसे में शहद और अंडे का हेयर पैक फायदेमंद है।
इसके लिए सबसे पहले दो अंडे का पीला भाग और एक अंडे का सफेद भाग एक साथ फेंट लें। इसमें एक नींबू का रस और शहद मिलाएं और बालों पर लगाकर आधे घंटे के लिए छोड़ दें। इसके बार शैंपू से बाल साफ कर लें।
पपीते का पैक भी काफी फायदेमंद है। पके पपीते के बीज निकालकर उसे मिक्सर में पीस लें। अब इसमें एक कप दही मिलाएँ और बालों पर लगाकर आधे घंटे तक छोड़ दें। शैंपू से साफ कर लें।
ऑयली बालों के लिए
इसके लिए सबसे आसान और सही तरीका है अंडे का सफेद भाग फेंटकर बालों में लगा लें। इसमें कुछ भी न मिलाएं। इसे सूखने के लिए छोड़ दें और सूखने पर इसे शैंपू से अच्छी तरह साफ करें। इससे बालों में अतिरिक्त तेल हट जाता है।
सिल्की बालों के लिए
सिल्की बालों की चमक और नमी बरकरार रखने के लिए मेथी दाने का पैक बनाएं। मेथी दाने को रात भर पानी में भिगोकर पीस लें। पेस्ट की आधी मात्रा में दही मिलाएं और बालों पर लगाकर थोड़ी देर छोड़ दें। फिर किसी माइल्ड शैंपू से साफ करें।