आपकी त्वचा हेल्दी है तो खूबसूरती में इजाफा होगा ही। ऐसे में त्वचा की अलग-अलग जरूरतों को पूरा करने के लिए जरूरी नहीं कि आप पार्लर में जाकर ढेर सारे पैसे खर्च करें और अपना बजट बिगाड़ लें। आप नेचुरल तरीके से भी अपनी त्वचा को खूबसूरत और हेल्दी बना सकते हैं। इसके लिए फलों के कुछ खास पैक्स की जानकारी दे रहे हैं जो आपकी त्वचा की अलग-अलग जरूरतों को पूरा करेंगे।
चेहरे की सफाई के लिए केले का पैक
केले को मैश करके उसमें शहद या नींबू का रस मिलाएं और चेहरे व गले पर लगाकर कुछ देर छोड़ दें। 15-20 मिनट बाद पानी से धो लें। चेहरे को साफ रखने वा ब्लैकहेड्स दूर करने के लिए यह पैक बेहद मददगार है।
ऑयली स्किन के लिए टमाटर का पैक
अगर आपकी स्किन बहुत अधिक ऑयली है तो टमाटर को फेस पैक की तरह ट्राइ करें। बीज सहित टमाटर का पल्प निकाल लें और पहले इससे चेहरे की स्क्रबिंग करें, फिर 10-15 मिनट तक इसे चेहरे पर लगा छोड़ दें और धो लें। इससे त्वचा से एक्स्ट्रा तेल निकल जाता है और चेहरे पर ग्लो आ जाता है।
अंगूर के पैक से मुंहासे हटाएं
जिन लोगों को मुंहासे की समस्या अधिक होती है उनके लिए अंगूर का पैक बहुत फायदेमंद है। अंगूर का पल्प निकाल लें और इससे चेहरे पर लगाकर छोड़ दें। जब तक यह न सूखे तब तक इसे चेहरे पर लगा रहने दें और फिर पानी से धो लें।
इन्स्टैंट ग्लो के लिए पपीते का पैक
त्वचा पर तुरंत ग्लो को लिए पपीता बेहतरीन फल है। पपीते के पल्प से पहले चेहरे की 5-10 मिनट मसाज करें और फिर लगाकर 20 मिनट तक छोड़ दें। फिर पानी से धोकर हल्का मॉश्चयराइजर लगाएं।