सोशल मीडिया पर एक वीडियो हो रहा है। वीडियो में एक शख्स रात में एक दिवार पार करते नजर आ रहा है। वीडियो को शेयर कर दावा किया जा रहा है कि बांग्लादेशी घुसपैठिया एक भारतीय व्यापारी के घर चोरी करते हुए सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया है।
अमर उजाला ने अपनी पड़ताल में वायरल दावे को गलत पाया है। हमने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल वीडियो पराग्वे की राजधानी असुनसियन का है।
क्या है दावा
सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर कर दावा किया जा रहा है कि एक बांग्लादेशी घुसपैठिया एक भारतीय व्यापारी के घर चोरी करते हुए सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया है।
बाबा बनारस (@RealBababanaras) नाम के एक्स यूजर लिखा “अवैध बांग्लादेशी घुसपैठिया मोहम्मद जुबैर एक हिंदू व्यापारी के घर चोरी करते हुए सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया। बाद में पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। ऐसे अवैध रोहिंग्या और बांग्लादेशी तत्व भारत की आंतरिक सुरक्षा के लिए चोरी से लेकर आतंकवाद तक, एक बढ़ता हुआ खतरा हैं। इन सभी को निर्वासित करो।” पोस्ट का लिंक आप यहां और आर्काइव लिंक यहां देख सकते हैं।
इसी तरह के अन्य दावों के लिंक आप यहां और यहां देख सकते हैं। इनके आर्काइव लिंक आप यहां और यहां देख सकते हैं।
पड़ताल
इस दावे की पड़ताल करने के लिए हमने सबसे पहले वीडियो के कीफ्रेम को गूगल रिवर्स इमेज पर सर्च किया। इस दौरान हमें Paraguay News Events के फेसबुक अकाउंट पर एक पोस्ट मिली। पोस्ट में लिखा है कि असुनसियन में एक अपराधी ने कंटीली तार की दीवार पर चढ़कर साइकिल चुरा ली तस्वीरों में दिखाया गया है कि चोर ने घटनास्थल पर लगे सुरक्षा उपायों को कैसे चकमा दिया। इलाके के लोग पुलिस की मौजूदगी बढ़ाने की मांग कर रहे हैं ।

आगे की पड़ताल में हमें sntparaguay के इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट मिली। यह पोस्ट में 30 अप्रैल 2025 को साझा की गई है। पोस्ट में लिखा है कि असुनसियन में एक घर से चोर ने दो साइकिलें चुरा लीं। यह घटना सुरक्षा कैमरों में कैद हो गई। पड़ोसी इलाके में बढ़ती असुरक्षा की निंदा कर रहे हैं और पुलिस की मौजूदगी बढ़ाने की मांग कर रहे हैं।

यहां से पता चलता है कि वायरल वीडियो भारत का नहीं है। बल्कि यह वीडियो पराग्वे की राजधानी असुनसियन का है।
पड़ताल का नतीजा
हमने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल वीडियो भारत का नहीं है।