सोशल मीडिया एक्स पर एक वीडियो वायरल हो रहा है वीडियो में देखा जा सकता है कि एक लड़के को खंभे से बंधकर खड़ा किया गया है और उसके आस पास खड़े लोगों ने उसे पकड़ रखा है। इसके साथ ही लड़के के चेहरे पर कालिख पोती गई है।
क्या है दावा
इस वीडियो को शेयर करके दावा किया जा रहा है कि 14 वर्षीय मुस्लिम बच्चे को हिंदू लोगों के द्वारा धमकाया और प्रताड़ित किया जा रहा है।
ईशान खान (@7_star_group) नाम के एक एक्स यूजर ने वीडियो को शेयर करते हुए लिखा “14 वर्षीय मुस्लिम बच्चे को हिंदू चरमपंथियों द्वारा धमकाया और प्रताड़ित किया गया।”
विजिलेंट (@Vigilante2801) नाम के एक एक्स अकाउंट से वीडियो को शेयर करके लिखा गया “14 वर्षीय मुस्लिम बच्चे को हिंदू चरमपंथियों द्वारा धमकाया और प्रताड़ित किया गया।”
पड़ताल
इस वीडियो के कीफ्रेम को रिवर्स इमेज में सर्च करने पर हमें वायरल वीडियो से संबंधित
इंडिया टुडे की एक खबर मिली जिसे 2022 में छापा गया था। यहां से ये साफ हो गया कि वीडियो पुराना है।
इस खबर के मुताबिक उत्तर प्रदेश के बहराइच में चोरी के आरोप में एक दलित युवक को पीटा गया था, उसका सिर मुंडवा कर चेहरे पर कालिख पोत दी गई थी। इस युवक को एक घर से शौचालय की सीट चुराने के आरोप में खंभे से बांध गया और तीन लोगों द्वारा उसे पीटा गया। पीटने वाला युवक दिहाड़ी मजदूरी करता था जिसका नाम राजेश कुमार था।
पड़ताल का नतीजा
हमारी पड़ताल में ये साफ है कि वीडियो दो साल पुराना है। अभी घटना को सांप्रदायिक रूप देने का दावा भ्रामक है।