फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Fact Check: बुलडोजर से एटीएम लूटने का वीडियो पुराना है, घटना के बारे में किए जा रहे भ्रामक दावे, जानें सच

Sat, 17 Aug 2024 07:59 PM IST
शिवेंद्र फैक्ट चेक डेस्क, अमर उजाला

सार

Fact Check: सोशल मीडिया पर जेसीबी से एटीएम चोरी का एक वीडियो वायरल है। कई सोशल मीडिया यूजर्स इसे उत्तर प्रदेश की घटना बताकर भी साझा कर रहे हैं। भ्रामक दावों पर यूपी पुलिस ने स्पष्टीकरण जारी किया है। 
 
विज्ञापन
FACT CHECK - फोटो : AMAR UJALA
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

इन दिनों सोशल मीडिया पर जेसीबी से एटीएम चोरी का एक वीडियो खूब वायरल हो रहा है। कई सोशल मीडिया यूजर्स इसे उत्तर प्रदेश की घटना बताकर भी साझा कर रहे हैं। 
विज्ञापन


क्या है दावा?
सोशल मीडिया एप एक्स पर वायरल वीडियो में दिखाया गया है कि एक एटीएम मशीन को लूटने के लिए जेसीबी बुलडोजर का इस्तेमाल किया गया। चोरों ने बुलडोजर से एटीएम उखाड़ा और यह घटना सीसीटीवी में कैद हो गई। मनोज शर्मा लखनऊ यूपी नाम के वेरिफाइड एक्स यूजर ने एक्स पर इस वीडियो को साझा किया और लिखा, 'एटीएम चोरी का आज तक का सबसे भयानक दृश्य का सीसीटीवी वीडियो हुआ वायरल। जेसीबी मशीन से तोड़कर उठा ले गए चोर एटीएम मशीन। चोर ने एटीएम चोरी के लिए ऐसा लगाया दिमाग की पुलिस भी हो जाए हैरान।' 
 

चंद्रजीत यादव (आर्यन) नाम के एक एक्स यूजर ने भी इस वीडियो को साझा किया और लिखा, 'लो भाई अब तो बाबा जी का बुलडोजर एटीएम भी लूटने लगा है। अन्य सोशल मीडिया पर भी यह वीडियो कुछ ऐसे ही कुछ कैप्शन के साथ वायरल हो रहा है। 
विज्ञापन

 

पड़ताल 
इस वीडियो की पड़ताल के लिए हमने सबसे पहले गूगल पर वायरल वीडियो के की-फ्रेम को रिवर्स इमेज सर्च किया। गूगल रिजल्ट में हमें वीडियो से संबंधित कुछ एक्स पोस्ट मिलीं। ये पोस्ट अप्रैल 2022 की थीं। यहां से यह संकेत तो मिल गया कि वायरल हो रहा वीडियो अभी का नहीं है। पड़ताल के दौरान ही एक टीवी चैनल की वेबसाइट पर रिपोर्ट मिली। 25 अप्रैल, 2022 को प्रकाशित इस रिपोर्ट के अनुसार, चोरों ने बुलडोजर से एटीएम उखाड़ा और यह घटना CCTV में कैद हुई। रिपोर्ट में बताया गया था कि महाराष्ट्र के सांगली में एक एटीएम मशीन को लूटने के लिए जेसीबी बुलडोजर का इस्तेमाल किया गया। 

इस घटनाक्रम की अधिक जानकारी के लिए हमने अमर उजाला, महाराष्ट्र डेस्क से संपर्क किया। यहां से हमें 26 अप्रैल 2022, को अमर उजाला द्वारा प्रकाशित रिपोर्ट मिली। इस रिपोर्ट के अनुसार, पश्चिमी महाराष्ट्र के सांगली जिले में एक बदमाश ने एटीएम को जेसीबी से उखाड़ लिया और दूसरी जगह ले उड़ा, ताकि उसमें रखी लाखों रुपये की नकद चुरा सके। लेकिन उसकी यह चतुराई भी धरी रह गई। सांगली पुलिस ने पूरे मामले का पर्दाफाश किया। जिले की मिराज तहसील के आगर गांव में 22 व 23 अप्रैल 2022 की दरमियानी रात को यह घटना हुई। सोशल मीडिया में वायरल एक एटीएम सेंटर के सीसीटीवी फुटेज से इस घटना का पता चला। फुटेज में एक व्यक्ति जेसीबी से इस कैश मशीन को उखाड़ रहा है। इस वारदात के लिए बदमाश ने जिस जेसीबी का इस्तेमाल किया वह भी चोरी की थी। 



मिराज ग्रामीण पुलिस थाने के इंस्पेक्टर चंद्रकांत बेदारे ने बताया था कि एक अज्ञात व्यक्ति ने जेसीबी की मदद से एटीएम को उखाड़ा और उसे लेकर कुछ दूर तक गया, लेकिन जब उसे एटीएम का कैश बॉक्स तोड़ने में पसीना छूटा तो वह जेसीबी व एटीएम दोनों को छोड़कर भाग निकला। जांच में एटीएम के कैश बॉक्स में रखे 27 लाख रुपये यथावत निकले। हालांकि एटीएम सेंटर पर जेसीबी से तोड़फोड़ के कारण करीब 4 लाख रुपये का नुकसान जरूर हो गया। पुलिस ने भादंवि की विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया था। जांच में पता चला कि जेसीबी मशीन भी क्षेत्र से ही चुराई गई थी। 

पड़ताल के दौरान हमें यूपी पुलिस का एक ट्वीट भी मिला जिसमें वायरल वीडियो पर स्पष्टीकरण जारी किया गया था। 16 अगस्त 2024 को यूपी पुलिस ने एक्स पोस्ट में कहा कि यह घटना महाराष्ट्र के सांगली शहर में वर्ष 2022 में हुई थी। पुलिस ने वीडियो पोस्ट करने यूजर को टैग करके कहा कि वीडियो को सत्यापन किए बिना इसे भ्रामक रूप से उत्तर प्रदेश का इंगित करके पोस्ट किए जाने के सन्दर्भ में आपके विरुद्ध वैधानिक कार्यवाही हेतु लखनऊ पुलिस को निर्देशित किया गया है।
 

पड़ताल का नतीजा
पड़ताल से साफ है कि वायरल हो रहा वीडियो दो साल से भी पुराना है। यह घटना महाराष्ट्र की है न कि उत्तर प्रदेश की। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें