भारत के पड़ोसी देश बांग्लादेश में इस वक्त अस्थिरता का माहौल है। बीते दिनों हिंसक आरक्षण आंदोलन के चलते शेख हसीना को प्रधानमंत्री पद छोड़ना पड़ गया। पूर्व प्रधानमंत्री देश छोड़कर भारत में रुकी हुई हैं। बांग्लादेश में जारी हिंसा के बीच देश भर में हिंदुओं, उनकी दुकानों और मंदिरों को निशाना बनाए जाने की तस्वीरें आईं। इन हिंसक घटनाओं के विरोध में बांग्लादेश के हिंदुओं ने राजधानी ढाका, चटगांव समेत तमाम शहरों में विरोध जताया। समुदाय ने जगह-जगह प्रदर्शन किए और अपनी सुरक्षा की मांग की। इसी बीच, सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में दावा किया जा रहा है कि ढाका की सड़कों पर भगवा लहर दिखाई दी।
क्या है दावा?
सोशल मीडिया एप एक्स पर वायरल वीडियो में दिखाया गया है कि नारंगी कपड़े पहने हुए लोग मार्च कर रहे हैं। क्लिप में प्रदर्शनकारी बांग्ला भाषा में नारेबाजी करते भी सुने जा सकते हैं। 'हम लोग We The People' नाम के एक्स यूजर ने एक्स पर इस वीडियो को साझा किया और लिखा, 'ढाका की सड़कों पर भगवा सैलाब। बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे हमले के विरोध में बांग्लादेश के हिंदू सड़कों पर उतर आए हैं।'
योगी विशालानंद ब्रह्म उपासक बाबा बॉयज पीजी हॉस्टल नाम के एक वेरिफाइड एक्स यूजर ने भी इस वीडियो को साझा किया और लिखा, 'ढाका की सड़कों पर भगवा सैलाब'। अन्य सोशल मीडिया पर भी यह वीडियो कुछ ऐसे ही कैप्शन के साथ वायरल हो रहा है।
पड़ताल
इस वीडियो की पड़ताल के लिए हमने सबसे पहले गूगल पर वायरल वीडियो के की-फ्रेम को रिवर्स इमेज सर्च किया। गूगल रिजल्ट में हमें वीडियो से संबंधित एक फेसबुक पोस्ट पर मिली। यह पोस्ट 1 सितंबर 2023 को
बांग्लादेश छात्र लीग नेत्रकोना जिला शाखा द्वारा की गई थी। यहां से यह संकेत तो मिल गया कि वायरल हो रहा वीडियो अभी का नहीं है।
इसी फेसबुक में कुछ तस्वीरों के साथ कैप्शन दिया गया था, 'बांग्लादेश छात्र लीग द्वारा राष्ट्रपिता बंगबंधु शेख मुजीबुर्रहमान और बंगमाता शेख फजीलातुन नेचा मुजीब की स्मृति में गफरगांव उपजिला छात्र लीग और नगरपालिका छात्र लीग का आयोजन किया गया।' वायरल वीडियो और फेसबुक पोस्ट में साझा की गई तस्वीरें एक जैसी ही मिलीं। बता दें कि शेख मुजीबुर्रहमान शेख हसीना के पिता हैं जबकि बांग्लादेश छात्र लीग शेख हसीना की पार्टी अवामी लीग की छात्र इकाई है। हाल के आरक्षण आंदोलन में यह चर्चा में थी।
इस घटनाक्रम की अधिक जानकारी के लिए हमने कुछ कीवर्ड्स इंटरनेट पर सर्च किए तो
बांग्लादेश बिजनेस स्टैंडर्ड द्वारा प्रकाशित एक रिपोर्ट मिली। अगस्त 2023 में छपी इस रिपोर्ट के अनुसार, देश के विभिन्न हिस्सों से बांग्लादेश छात्र लीग (बीसीएल) के पांच लाख से अधिक नेता और कार्यकर्ता 1 सितंबर को होने वाली सुहरावर्दी उद्यान, ढाका में छात्र रैली में भाग लेंगे।
पड़ताल का नतीजा
पड़ताल से साफ है कि वायरल हो रहा वीडियो करीब एक साल पुराना है। हिंसक घटनाओं के विरोध में बांग्लादेश के हिंदुओं ने हाल में विरोध-प्रदर्शन किए हैं लेकिन ये वीडियो उन प्रदर्शनों का नहीं है।