ईरान में मौजूद हमास प्रमुख इस्माइल हानिया की 31 जुलाई की सुबह हत्या हो गई। हमास ने इस घटना के लिए सीधे इस्राइल को दोषी ठहराया है। हानिया को पिछले साल 7 अक्तूबर को इस्राइल में हुए घातक हमले का मास्टरमाइंड बताया जाता है। कहा जा रहा है कि इस्राइल ने इसका बदला लिया है। हानिया की हत्या ईरान में एक मिसाइल हमले में हुई है। इस बीच, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक वीडियो वायरल किया जा रहा है जिसे यूजर्स इस्माइल हानिया का बता रहे हैं।
क्या है दावा?
सोशल मीडिया एप एक्स पर वायरल वीडियो में दिखाया गया है कि खून से लथपथ एक व्यक्ति का किसी अस्पताल में इलाज हो रहा है। वीडियो में व्यक्ति घायल अवस्था में दिखता है और इलाज कर रहे डॉक्टर से कुछ कह रहा है। खुद को पाकिस्तान के पंजाब वकील विंग की उपाध्यक्ष और लाहौर सोशल मीडिया प्रभारी बताने वाली वेरिफाइड यूजर एडवोकेट मोना जावेद ने भी एक्स पर वीडियो साझा किया। एडवोकेट मोना ने लिखा, 'इस्माइल हानिया शहीद के आखिरी शब्द, अल्लाह उन पर रहम करे, उनकी शहादत से कुछ क्षण पहले।'
इलयास खान अलवानजाइ नाम के एक्स यूजर ने एक्स पर इस वीडियो को साझा किया और लिखा, 'इस्माइल हानिया शहीद के आखिरी शब्द, अल्लाह उन पर रहम करे, उनकी शहादत से कुछ पल पहले।' अन्य सोशल मीडिया पर भी यह वीडियो कुछ ऐसे ही कैप्शन के साथ वायरल हो रहा है।
पड़ताल
इस वीडियो की पड़ताल के लिए हमने सबसे पहले गूगल पर वायरल वीडियो के की-फ्रेम को रिवर्स इमेज सर्च किया। गूगल रिजल्ट में हमें वीडियो से संबंधित कई ट्वीट मिले। इनमें से कई ट्वीट नवंबर 2023 के भी थे। यहां से यह संकेत तो मिल गया कि वायरल हो रहा वीडियो अभी का नहीं है।
इस घटनाक्रम की अधिक जानकारी के लिए हमने पड़ताल को आगे बढ़ाया तो नवंबर 2023 वाले ट्वीट को देखा। फिरास अल्मासी नाम के यूजर ने वीडियो शेयर कर लिखा था, 'उसका खून बह रहा है... एक फलस्तीनी अपनी तर्जनी को ऊपर उठाता है और चिल्लाता है, हम सभी प्रतिरोध के साथ हैं... एक दृढ़ता जो आपको केवल गाजा में मिलेगी।'
यही वीडियो हमें एक
ओमानी अखबार पर भी मिला।
वीडियो की पड़ताल के दौरान ही इसमें मोहम्मद ओबेद नाम लिखा दिखाई दिया। इससे संकेत लेते हुए हमने मोहम्मद ओबेद के बारे में जानकारी जुटाई। पड़ताल में पता चला कि ओबेद फलस्तीनी पत्रकार हैं और सोशल मीडिया पर इस्राइल-हमास युद्ध को ग्राउंड से कवर कर रहे हैं। हमने उनके सोशल मीडिया अकाउंट खंगाले तो हाल के समय में इस्माइल हानिया को लेकर वीडियो नहीं मिला।
पड़ताल में यह भी पता चला कि नवंबर 2023 में जब यह वीडियो साझा किया गया था। उस वक्त गाजा में हमले हो रहे थे।
पड़ताल का नतीजा
पड़ताल से साफ है कि जिस वीडियो को इस्माइल हानिया की हत्या से पहले आखिरी पल वाला बताया जा रहा है वो कम से कम आठ महीने पुराना है।
हानिया की हत्या 31 जुलाई, 2024 को हुई है।