सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक वीडियो वायरल किया जा रहा है। वायरल हो रहे वीडियो में एक सूटकेस में एक लड़की की लाश दिख रही है। यूजर्स इस वीडियो को साझा कर 'लव जिहाद' का मामला बता रहे हैं।
क्या है दावा?
सोशल मीडिया एप एक्स पर वायरल वीडियो में दिखाया गया है कि एक लड़की की लाश सूटकेस में मिली है। हाफ इंजीनियर नाम के एक्स यूजर ने एक्स पर इस वीडियो को साझा किया और लिखा, 'हिंदू लडकियां कभी नहीं सुधेरेंगी फिर कहती हैं हम बड़ी अकलदार हैं पति और पिता से लड़कर उन्हे बेइजत्त कर देंगी लेकिन प्यार जाहिलों से करेंगी। एक और सूटकेश में अब्दुल की प्रेमिका,आया ना प्यार पाने का मजा। पहले से ही खरीदकर रखा हुआ था।'
इंडियन भारतीय नाम के एक एक्स यूजर ने भी इस वीडियो को साझा किया और लिखा, 'लो एक ओर सूटकेस में अबदुल की प्रेमिका। आया ना प्यार पाने का मजा। पहले से ही खरीदकर रखा हुआ था इसके लिए।' अन्य सोशल मीडिया पर भी यह वीडियो कुछ ऐसे ही कैप्शन के साथ वायरल हो रहा है।
पड़ताल
इस वीडियो की पड़ताल के लिए हमने सबसे पहले गूगल पर वायरल वीडियो के की-फ्रेम को रिवर्स इमेज सर्च किया। गूगल रिजल्ट में हमें वीडियो से संबंधित एक
खबर मिली। मार्च 2022 में प्रकाशित इस खबर के अनुसार, एक व्यक्ति ने होटल में अपनी प्रेमिका की हत्या कर दी और फिर शव को सूटकेस में रखकर भागने की कोशिश की। खबर में यह भी लिखा था कि लड़की के परिवार ने कहा था कि वे गहरे सदमे में हैं क्योंकि आरोपी उनका रिश्तेदार है। परिजन ने कहा था कि उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि वह ऐसा अपराध करेगा।
यहां से यह संकेत तो मिल गया कि वायरल हो रहा वीडियो अभी का नहीं है। इस घटनाक्रम की अधिक जानकारी के लिए हमने 'होटल', 'प्रेमिका', 'शव', 'सूटकेस' जैसे कुछ कीवर्ड इंटरनेट पर सर्च किए तो पता चला कि यह घटना उत्तराखंड के रुड़की की थी। हमने
अमर उजाला नेटवर्क, रुड़की से संपर्क किया। इस दौरान हमें 25 मार्च, 2022 को अमर उजाला द्वारा प्रकाशित रिपोर्ट मिली। इस रिपोर्ट के अनुसार, हरिद्वार के ज्वालापुर निवासी गुलशेर ने रुड़की में मुकर्रबपुर स्थित एक गेस्ट हाउस में कमरा लिया। वह भगवानपुर की बीकॉम छात्रा रमसा (22) को लेकर वहां पहुंचा था। हालांकि, आने से पहले ही युवती ने जहर खा लिया था। गेस्ट हाउस में पहुंचने के कुछ देर बाद उसकी मौत हो गई थी। गुलशेर ने शव को सूटकेस में बंद किया और गंगनहर में फेंकने जा रहा था। इसके बाद वह भी गंगनहर में कूदकर आत्महत्या करने वाला था।
पूछताछ में युवक ने बताया कि दोनों का आठ साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था। मोहल्ले के लोगों को इसकी भनक लग गई थी। इसे लेकर वह युवती पर तंज कसते थे जिससे वह परेशान थी। इसे लेकर दोनों ने आत्महत्या करने की ठान ली थी।
पड़ताल का नतीजा
पड़ताल से साफ है कि सूटकेस में लाश मिलने वाली घटना दो साल से भी पुरानी है। इसके अलावा पीड़िता और आरोपी बनाया गया युवक एक ही समुदाय के थे। इसमें 'लवजिहाद' का कोई लेना देना नहीं है।