सोशल मीडिया पर टाइम्स स्क्वायर न्यूयॉर्क की एक फोटो वायरल हो रही है जिसमें तमिलनाडु के सीएम एमके स्टालिन की फोटो लगी हुई है। लोग इस फोटो को सोशल मीडिया पर जमकर शेयर कर रहे हैं। इस फोटो को एमके स्टालिन की अमेरिका की चल रही यात्रा के संबंध में शेयर किया जा रहा है।
क्या है दावा
ध्रुव राठी पैरोडी (@dhruvrahtee) नाम के एक एक्स यूजर में इस फोटो को शेयर करते हुए लिखा है “तमिलनाडु के सीएम एम. के. स्टालिन टाइम्स नाउ स्क्वायर, न्यूयॉर्क में। स्टालिन फिलहाल अमेरिका की यात्रा पर हैं।”
हर्ष तिवारी (@harsht2024) नाम के एक और एक्स यूजर ने फोटो शेयर करते हुए लिखा है “तमिलनाडु के सीएम एमके स्टालिन न्यूयॉर्क के टाइम्स स्क्वायर पर। आज पूरा भारतीय समुदाय उनका स्वागत करने के लिए खड़ा है, उनके नेतृत्व में तमिलनाडु की अर्थव्यवस्था भारतीय अर्थव्यवस्था से बेहतर प्रदर्शन कर रही है। वे इसके हकदार हैं।”
I.N.D.I.A (@_4Nation__) नाम के एक और एक्स यूजर नें एक्स पर तस्वीर के साथ लिखा है “न्यूयॉर्क के टाइम्स स्क्वायर पर लगाई गई स्टालिन की आदम कद तस्वीर। इंडियन डायसपोरा ने उनके स्वागत की बड़ी तैयारियां की।”
पड़ताल
इस वीडियो की जांच करने के लिए हमने वायरल को रही तस्वीर को गूगल रिवर्स इमेज में सर्च किया। गूगल ने हमारे सामने एक वेबसाइट का लिंक मिला। इन वेबसाइट पर हमें टाइम्स स्क्वायर की तस्वीर मिली। ये तस्वीर वायरल हो रही तस्वीर के जैसी ही थी लेकिन इसमें स्टालिन की फोटो की जगह पर एक विज्ञापन दिख रहा था। इससे ये साफ हो गया कि वायरल हो रही स्टालिन की फोटो को टाइम्स स्क्वायर की एक पुरानी फोटो पर एडिट करके लगाया गया है। हमें ये फोटो नानकुट प्रीजर्वेशन ट्रस्ट की वेबसाइट पर मिली। नानकुट प्रीजर्वेशन ट्रस्ट का एक एनजीओ है जो किसी भी इमारत और पुरानी विरासत की यादों को बचाए रखने के लिए काम करती है। इस वेबसाइट पर ये तस्वीर साल 2015 में प्रकाशित की गई थी।
पड़ताल का नतीजा
हमारी पड़ताल से ये साफ है कि टाइम्स स्क्वायर पर एमके स्टालिन की तस्वीर प्रदर्शित होने का दावा पूरी तरह से गलत है। हमें जो स्रोत मिला है उसके हिसाब से ये फोटो कम से कम नौ साल पुरानी है।