सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें देखा जा सकता है कि आसमान में आतिशबाजी हो रही है। वीडियो में कई लोग भी दिख रहे हैं जो आतिशबाजी को देख रहे हैं। वीडियो में कुछ बुर्का पहने महिलाएं भी नजर आ रही हैं।
क्या है दावा
इस वीडियो को शेयर करके दावा किया जा रहा है कि ये वीडियो सऊदी अरब का है। कहा जा रहा है कि सऊदी अरब में मुसलमान दिवाली मना रहे हैं।
बैरागी पंडित (@Bairagi_Panddit) नाम के एक एक्स यूजर ने लिखा “सऊदी अरब में दीपावली बड़ी धूमधाम से मनाया जा रहा है। और यहां कटी पेंसिल अपनी आपी का बुरका फाड़कर रो रहे हैं।”
शुभ सेनगुप्ता (@SenguptaShubh) नाम के एक एक्स यूजर ने लिखा “सऊदी अरब में #दिवाली उत्सव। जबकि मूल मुसलमान अंधकार से प्रकाश की ओर बढ़ रहे हैं, भारत, पाकिस्तान और बांग्लादेश में धर्मांतरीत मुसलमान हिंदुओं और दिवाली के खिलाफ हिंसा फैला रहे हैं। शर्म आनी चाहिए उन पर! माँ काली उन्हें सद्बुद्धि प्रदान करें।”
पड़ताल
दावे की पड़ताल करने के लिए हमने वीडियो के कीफ्रेम्स को गूगल रिवर्स इमेज सर्च किया। हमें ये वीडियो कई
फेसबुक और इंस्टाग्राम अकाउंट पर मिला। पाक कतर कम्युनिटी नाम के एक फेसबुक पेज पर ये वीडियो 23 सितंबर 2024 को शेयर करके लिखा गया था "सऊदी अरब का 94वां राष्ट्रीय दिवस।" यहां से ये साफ है कि वीडियो दिवाली के समय का नहीं है।
WPid नाम के एक यूट्यूब चैनल पर भी ये वीडियो 23 सितंबर को पोस्ट किया गया था। इसके साथ कैप्शन लिखा गया था “94वें सऊदी राष्ट्रीय दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं”
आपको बता दें कि सऊदी अरब राष्ट्रीय दिवस 23 सितंबर को मनाया जाता है, यह दिन 1932 से मनाया जाता है जब राजा अब्दुल अजीज अल सऊद ने विभिन्न क्षेत्रों को एक देश, सऊदी अरब में एकजुट किया था।
ये वीडियो सऊदी अरब के राष्ट्रीय दिवस का है या नहीं इसकी कोई पुष्टि हमें किसी आधिकारिक सऊदी अरब के सोशल मीडिया अकाउंट में नहीं मिली। लेकिन ये साफ है कि यह वीडियो सऊदी अरब में दिवाली मनाने से संबंधित वीडियो नहीं है।
पड़ताल का नतीजा
हमारी पड़ताल में ये साफ है कि वीडियो दिवाली के समय का नहीं है।