क्या है दावा
सोशल मीडिया पर जो वीडियो वायरल हो रहा है, वह 26 सेकंड का है। इस वीडियो में दिखाया गया है कि एक ड्रोन बिजली की तारों के बीच फंसा है। इजराइल पर ईरान के ड्रोन हमले की खबर के बाद यह वीडियो कुछ ज्यादा ही वायरल हो गया। एक सोशल मीडिया यूजर IAMAPRPEH ने एक्स पर लिखा है कि ईरान द्वारा ड्रोन से इजराइल को निशाना बनाया गया था लेकिन यह इराक में बिजली के तारों के बीच फंस गया।
इसके अलावा एक और सोशल मीडिया यूजर एंजेल्स एजेराड ने भी इस वीडियो को सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए लिखा है कि ईरान से भेजा गया ड्रोन इराक में बिजली के तारों के बीच फंस गया।
उधर कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में भी वीडियो की पुष्टि किए बिना इसे शेयर किया गया है।
पड़ताल
जब हमने गूगल लेंस पर इस वीडियो के कीफ्रेम को रिवर्स इमेज सर्च किया, तो कुछ रिजल्ट सामने आए। हमने पाया कि कई अकाउंट्स से ऐसी पोस्ट को हटा दिया गया है, जबकि कई यूजर्स ने दावा किया कि यह वीडियो पुराना है। हमने आगे पड़ताल की और की वर्ड (Iraq Drone Stuck) से एक्स पर भी सर्च किया। पता चला कि यह वीडियो अभी का नहीं बल्कि कम से कम दो महीने पुराना है। ठीक ऐसा ही वीडियो हमें 29 फरवरी 2024 की तारीख का भी मिला।
खास बात यह भी है कि यह वीडियो इराक का नहीं बल्कि सीरिया का है। इस पुराने वीडियो को अब ईरान और इस्राइल के युद्ध से जोड़ा जा रहा है।
पड़ताल का नतीजा
हमारी पड़ताल के अनुसार इस वीडियो का इस्राइल ईरान युद्ध से कोई लेना-देना नहीं है। सोशल मीडिया पर इस वीडियो को दोनों देशों के बीच संघर्ष को लेकर जोड़ा जा रहा है।