सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है। वीडियो में पुलिस एक व्यक्ति को रस्सी से बांधकर ले जाते नजर आ रही है। इसके साथ ही वे व्यक्ति पुलिस से मांफी भी मांग रहा है। वीडियो को शेयर कर दावा किया जा रहा है कि ये व्यक्ति मुस्लिम है और वह हिंदू दुकानदारों को धमका रहा था और उनसे हफ्ता मांग रहा था।
अमर उजाला ने अपने पड़ताल में इस घटना में सांप्रदायिक एंगल होने का दावा गलत पाया है।
क्या है दावा
सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर कर दावा किया जा रहा है कि एक मुस्लिम व्यक्ति हिंदू दुकानदारों को धमका रहा था और उनसे हफ्ता मांग रहा था।
इंजीनियर राजेश सिंह (@Kumar1975Rajesh) नाम के एक्स यूजर ने लिखा, ‘लिल्लाह ! मोहम्मद जुनैद "हिंदू" दुकानदारों को "धमका" रहा था और उनसे हफ्ता मांग रहा था। पुलिस ने "लट्ठ" से जमकर "हफ्ता" दे दिया है !’ पोस्ट का लिंक आप यहां और आर्काइव लिंक यहां देख सकते हैं।
इसी तरह के अन्य पोस्ट के लिंक आप यहां और यहां देख सकते हैं। वहीं, आर्काइव लिंक आप यहां और यहां देख सकते हैं।
पड़ताल
इस दावे की पड़ताल करने के लिए हमने सबसे पहले वीडियो के कीफ्रेम को गूगल रिवर्स इमेज पर सर्च किया। इस दौरान हमें इंडिया टूडे की रिपोर्ट मिली। यह रिपोर्ट 14 नवंबर को प्रकाशित की गई है। इस रिपोर्ट में मध्य प्रदेश के उज्जैन में एक 25 वर्षीय व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। उस पर आरोप है कि वह एक परिवार से उनके पड़ोस में रहने देने के बदले हर महीने 500 रुपये की मांग कर रहा था। पुलिस के अनुसार, जब परिवार ने पैसे देने से मना कर दिया, तो आरोपी विजय उर्फ 'टोकन' ने महिला, उसके माता-पिता और बीच-बचाव करने आए एक पड़ोसी के साथ मारपीट की और उन्हें जान से मारने की धमकी दी। आरोपी को पनवासा पुलिस ने जबरन वसूली, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के मामले में गिरफ्तार किया है।
आगे की पड़ताल के लिए हमने अमर उजाला के न्यूज डेस्क से संपर्क किया। इस दौरान एक रिपोर्ट मिली। यह रिपोर्ट 13 नवंबर 2026 को प्रकाशित की गई है। रिपोर्ट में बताया गया है कि तलाई की पाल क्षेत्र में रहने वाले एक परिवार से हर महीने 500 रुपये की अवैध वसूली करने और इन्कार करने पर मारपीट करने वाले शातिर अपराधी को पंवासा थाना पुलिस ने शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद क्षेत्र में उसका जुलूस भी निकाला। इस दौरान आरोपी कान पकड़कर उठक-बैठक लगाता दिखा। बाद में पुलिस ने आरोपी को शाम करीब 5 बजे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। शिकायत के अनुसार आरोपी विजय उर्फ टोकन अपने साथियों के साथ पीड़िता के घर के सामने पहुंचा। आरोपी ने मोहल्ले में रहने के एवज में प्रति माह 500 रुपये देने की मांग की। परिवार द्वारा रुपये देने से मना करने पर आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए सोना और उनके माता-पिता पर डंडों से हमला कर दिया। बीच-बचाव करने आए पड़ोसी के साथ भी मारपीट की गई और उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई।
पड़ताल का नतीजा
हमने अपनी पड़ताल में वायरल दावे को गलत पाया है। वीडियो शेयर कर लोगों में भ्रम फैलाया जा रहा है।