क्या है दावा?
चुनावों के बीच केंद्रीय मंत्री अश्विनी चौबे का एक वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर खूब वायरल किया जा रहा है। इसके साथ दावा किया जा रहा है कि बक्सर से टिकट कटने पर अश्विनी चौबे खूब रोए। वेरिफाइड एक्स यूजर BeatalPret ने वीडियो को साझा करते हुए लिखा, 'टिकट कट जाने के बाद अग्निबीर अश्विनी चौबे।'
इसी कैप्शन के साथ बबलू यादव नाम के यूजर ने भी वीडियो को पोस्ट किया है। इसके अलावा भी लोग वीडियो को अलग-अलग कैप्शन के साथ साझा कर रहे हैं।
पड़ताल
वीडियो को लेकर जब हमने जांच की तो सच कुछ और ही निकला। सबसे पहले वायरल वीडियो के की-फ्रेम को हमने गूगल रिवर्स सर्च किया तो जनवरी 2023 की कुछ
मीडिया रिपोर्ट्स मिलीं। इन खबरों से पता चलता है कि केंद्रीय मंत्री अश्विनी चौबे पटना में मीडिया को संबोधित कर रहे थे। इसी बीच उन्हें पता चला कि भाजपा नेता परशुराम चतुर्वेदी का निधन हो गया है। इस खबर को सुनते ही केंद्रीय मंत्री दुखी हो गए और बीच प्रेस कॉन्फ्रेंस में सबके सामने रोने लगे।
बाद में यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। और अधिक जानकारी के लिए हमने
अमर उजाला के वीडियो डेस्क से बात की।
यहां से हमें जनवरी 2023 की एक वीडियो रिपोर्ट मिली, जिसके अनुसार भाजपा कार्यकर्ता की मौत की खबर सुनकर केंद्रीय मंत्री अश्विनी कुमार चौबे प्रेस कांफ्रेंस के बीच में ही रोने लगे।