सोशल मीडिया के अलग अलग प्लेटफॉर्म पर एक वीडियो वायरल हो रहा है। वीडियो में दो आदमी दिख रहे हैं जिसमें से एक आदमी दूसरे आदमी को बुरी तरह से पीटता हुआ नजर आ रहा है।
क्या है दावा
मारपीट का एक वीडियो शेयर करके दावा किया जा रहा है कि दलित युवक की बुरी तरह से पिटाई की जा रही है। साथ ही कहा जा रहा है कि उससे जूता भी चटवाया गया।
भीम युवा सेना आज़मगढ़ नाम के एक यूट्यूब चैनल ने वीडियो को शेयर करके लिखा “रायबरेली : दलित युवक को चटाया जूता, विडियो वायरल सोशल मीडिया पर एक विडियो तेज़ी से वायरल हो रहा है।”
अंबेडकराइट्स पीपल्स वॉइस (@APVNews_) नाम के एक एक्स अकाउंट से वीडियो को शेयर करके लिखा गया “रायबरेली : दलित युवक को चटाया जूता, विडियो वायरल, सोशल मीडिया पर एक विडियो तेज़ी से वायरल हो रहा है जिस में देखा जा सकता है कि एक दलित युवक से कुछ लोग मारपीट कर के उस से जूता चटाया जा रहा है, बताया जा रहा है कि ऊँचाहार कोतवाली के सवईया राजे का रहने वाला है दलित युवक, वीडियो के आधार पर पुलिस ने 12 नामजद व 3 अज्ञात के ख़िलाफ़ पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।"
अनिल (@anilkmr02) नाम के एक एक्स यूजर ने वीडियो शेयर करके लिखा कि “उत्तरप्रदेश के रायबरेली में दलित युवक को चटाया जूता, विडियो वायरल. सोचिए कैसा सड़ा हुआ समाज है।”
पड़ताल
वीडियो की पड़ताल करने पर हमें सबसे पहले रायबरेली पुलिस का बयान मिला। पुलिस ने बताया कि “घटना दिनांक 21 अगस्त 2024 की है। वादी व प्रतिवादी दोनों सामान्य जाति से है। थाना ऊंचाहार पुलिस द्वारा आवश्यक निरोधात्मक कार्यवाही की जा चुकी है। वादी से प्राप्त तहरीर के आधार पर थाना उंचाहार पर सुसंगत धाराओ मे मामला दर्ज है। वादी-प्रतिवादी दोनों ही आपराधिक प्रवृत्ति के व्यक्ति हैं।”
इस बयान के बाद हमने कुछ कीवर्ड सर्च किए। गूगल पर हमें ‘
एनडीटीवी’ की एक खबर मिली। इस खबर में बताया गया है कि यह घटना ऊंचाहार थाना क्षेत्र के अंतर्गत सवैया राजे गांव का है। यहां रहने वाले अमन सिंह बाइक से कहीं जा रहे थे तभी दबंगो की कार ने बाइक में टक्कर मार दी। जिसके बाद दबंग अमन को जंगल ले गए। दबंगों ने जंगल में युवक की जमकर पिटाई की और उसका सिर अपने जूते पर रखवाया। किसी ने इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दिया जिसके बाद पुलिस प्रशासन हरकत में आया।
पड़ताल की नतीजा
हमारी पड़ताल में ये साफ है कि वीडियो में कोई जातिगत एंगल नहीं है। इस वीडियो को अब भ्रामक दावे के साथ शेयर किया जा रहा है।