आईसीसी टी20 विश्व कप में भारत की जीत का जश्न अभी भी जारी है। फाइनल के बाद तीन दिन तक बारबाडोस में फंसी भारतीय टीम गुरुवार सुबह छह बजे नई दिल्ली पहुंची और प्रधानमंत्री मोदी से उनके आवास पर मुलाकात की।इसके बाद अब टीम मुंबई में विजयी परेड में शामिल होगी जहां प्रशंसक टीम के साथ वानखेड़े स्टेडियम जाएंगे। इस बीच सोशल मीडिया पर एक तस्वीर वायरल है जिसे साझा कर दावा किया जा रहा है पूर्व क्रिकेटर मोहम्मद अजहरुद्दीन ने मुस्लिम धर्म छोड़ हिंदू धर्म अपना लिया है। हालांकि, हमारी पड़ताल में यह दावा फर्जी निकला।
दावा
सोशल मीडिया एप एक्स पर एक तस्वीर वायरल कर दावा किया गया है कि वाराणसी में पूर्व भारतीय क्रिकेटर मोहम्मद अजहरुद्दीन ने अपने परिवार के साथ इस्लाम धर्म छोड़कर सनातन धर्म अपना लिया है। यूजर 'दिल्ली के दिल में (Corruption Free Politics)' ने लिखा है कि पूर्व क्रिकेटर मोहम्मद अजहरुद्दीन ने अपनी पत्नी और बेटे के साथ काशी में छोड़ा मुस्लिम धर्म और बने सनातनी।
एक अन्य यूजर सुनील साहू ने एक्स पर लिखा, 'महान क्रिकेटर अजहरुद्दीन अब डब्लू सिंह कहलाएंगे। बेटा राज सिंह और पत्नी गुड़िया सिंह कहलाएंगे। पूर्व कप्तान और क्रिकेटर अजहरुद्दीन ने इस्लाम धर्म को छोड़कर सनातन धर्म को अपना लिया है।'
पड़ताल
पड़ताल के लिए हमने सबसे पहले गूगल पर वायरल तस्वीर के की-फ्रेम को रिवर्स इमेज सर्च किया। गूगल रिजल्ट में हमें इससे संबंधित कुछ खबरें मिलीं। इनमें बताया गया है कि चंदौली जिले में चंदौली निवासी मोहम्मद अजहरूद्दीन ने मुस्लिम धर्म छोड़कर सनातन धर्म में अपना लिया है।
इस घटनाक्रम को लेकर हमने
अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी से संपर्क किया। इस दौरान हमें 1 जुलाई, 2024 को अमर उजाला द्वारा प्रकाशित रिपोर्ट के अनुसार, चंदौली की सदर कोतवाली क्षेत्र के बिछिया गांव के निवासी मोहम्मद अजहरूद्दीन मुस्लिम धर्म के ठेकेदारों से लंबी लड़ाई लड़ने के बाद आखिरकार सनातन धर्म में वापसी करते हुए मोहम्मद अजहरुद्दीन से डब्लू सिंह बन गए। उन्होंने अपने पुत्र-पत्नी को भी शुद्धिकरण कराते हुए सनातन धर्म में वापसी कराया है। वहीं रामचरित मानस व गीता पूजा पाठ भी शुरू कर दिए है।
खबर के अनुसार, मुस्लिम धर्म की पठान जाति-से सनातन धर्म में वापस आने के बाद दंपति ने अपने बेटे के साथ अपने नाम भी बदल लिए रिजवाना ने अपना नाम गुड़िया सिंह, पति मो. अजहरुद्दीन ने अपना नाम डब्लू सिंह और बेटे मो.राज का नाम राज सिंह रख लिया।
पड़ताल का नतीजा
पड़ताल से साफ है कि यह दावा कि पूर्व कप्तान और क्रिकेटर अजहरुद्दीन ने इस्लाम धर्म को छोड़कर सनातन धर्म को अपना लिया है, पूरी तरह से फर्जी है। दावे के साथ जो तस्वीर वायरल है वो चंदौली निवासी मोहम्मद अजहरूद्दीन की है। पूर्व क्रिकेटर अजहरूद्दीन हैदराबाद में रहते हैं और कांग्रेस के नेता भी हैं।