मुंबई हमलों के आरोपी तहव्वुर राणा के भारत प्रत्यर्पण के बाद कई राजनीतिक पार्टी के नेताओं की प्रतिक्रिया लगातार आ रही है। इस कड़ी में मैनपुरी लोकसभा सीट से सपा सांसद डिंपल यादव के नाम से एक बयान एक्स पर शेयर किया जा रहा है। बयान को शेयर करके दावा किया जा रहा है कि डिंपल यादव ने तहव्वुर राणा को लेकर भाजपा का समर्थन किया है। साथ ही उनके द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रशंसा करने की बात भी की जा रही है। अमर उजाला ने अपनी पड़ताल में इस दावे को गलत पाया है। पड़ताल में हमने पाया कि उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक के द्वारा दिए गए बयान को डिंपल यादव का बयान बताकर शेयर किया जा रहा है।
आपको बता दें 2008 के मुंबई हमले के मास्टरमाइंड तहव्वुर हुसैन राणा को भारत लाया जा चुका है। अब भारत की राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) उससे पूछताछ करेगी। माना जा रहा है कि इसके बाद भारत को 26/11 हमले से जुड़ी वह जानकारियां मिलेंगी, जिनसे पाकिस्तान की सेना और सरकार में बैठकर भारत के खिलाफ साजिश रचने वाले सरगनाओं की भूमिकाएं और ज्यादा साफ होंगी।
क्या है दावा
राहुल (@rahul_guptta) नाम के एक एक्स यूजर ने लिखा “जो व्यक्ति भारत माता को नीचा दिखाने का प्रयास करेगा उसे कानून के दायरे में लाकर प्रधानमंत्री मोदी की अगुवाई में कड़ी से कड़ी सजा दी जाएगी। UPA की सरकार ने कितने सालों तक कसाब को बैठाकर बिरयानी खिलाई थी। हमारी सरकार में आतंकवादियों के हौसले पस्त हो चुके हैं।: डिंपल यादव सपा सांसद”
इस पोस्ट का लिंक और आर्काइव लिंक आप
यहां और
यहां देख सकते हैं। पोस्ट का स्क्रीनशॉट आप नीचे देख सकते हैं।
इस तरह के कई और दावों के लिंक आप यहां और यहां और आर्काइव लिंक आप यहां और यहां देख सकते हैं।
पड़ताल
इस दावे की पड़ताल करने के लिए हमने इस बयान से जुड़े कीवर्ड से मीडिया रिपोर्ट ढूंढने की कोशिश की। क्योंकि डिंपल यादव के प्रधानमंत्री मोदी पर किसी भी बयान की कोई विश्वसनीय रिपोर्ट जरूर होनी चाहिए थी। लेकिन हमें ऐसी कोई भी विश्वसनीय मीडिया रिपोर्ट नहीं मिली। हमें न्यूज एजेंसी
एएनआई पर तहव्वुर राणा पर डिंपल यादव का बयान जरूर मिला। इस बयान में डिंपल यादव ने कहीं भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का नाम नहीं लिया था। डिंपल यादव ने अपने बयान में कहा था “मुझे उम्मीद है कि कठोर कार्रवाई की जाएगी... यह राष्ट्र से जुड़ा मामला है और इस पर राजनीति न की जाए तो बेहतर होगा।”
कीवर्ड से सर्च करने पर हमें एएनआई के एक्स पोस्ट पर यूपी के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक का बयान मिला। उन्होंने कहा था कि "जो व्यक्ति भारत माता को नीचा दिखाने का प्रयास करेगा, उसे कानून के दायरे में लाकर प्रधानमंत्री मोदी की अगुवाई में कड़ी से कड़ी सजा दी जाएगी... UPA की सरकार ने कितने सालों तक कसाब को बैठाकर बिरयानी खिलाई थी। हमारी सरकार में आतंकवादियों के हौसले पस्त हो चुके हैं..."
यहां से यह साफ हो गया कि डिंपल यादव के नाम से शेयर किया गया बयान असल में ब्रिजेश पाठक की तरफ से दिया गया है।
पड़ताल का नतीजा
हमारी पड़ताल में यह साफ है कि ब्रिजेश पाठक के द्वारा तहव्वुर राणा पर दिया गया बयान डिंपल यादव के नाम से शेयर करके गलत जानकारी को फैलाया जा रहा है।
=========================================================
(अगर आपको लगता है कोई मैसैज झूठा है तो सच जानने के लिए उस मैसेज को आप हमें factcheck@auw.co.in पर ईमेल करें।)