सोशल मीडिया पर एक तस्वीर वायरल हो रही है। तस्वीर में एक सड़क पर आग लगी हुई नजर आ रही है। इसके साथ ही हमले के निशान भी नजर आ रहे हैं।
क्या है दावा
इस वीडियो को शेयर करके दावा किया जा रहा है कि ये तस्वीर इस्राइल के तेल अवीव की है जहां हाल ही में हमला किया गया है। कहा जा रहा है कि इस्राइल जैसा करेगा उसे वैसा ही वापस मिलेगा।
द लेबनिज होप (@KaoukYehya) नाम के एक एक्स अकाउंट से लिखा गया कि “कल रात तेल अवीव”
वसीद तस्नीम (@drwasidtasnim) नाम के एक एक्स अकाउंट से लिख गया “ कल रात तेल अवीव अगर तुम हमें जलाओगे तो तुम भी हमारे साथ जलोगे”
पड़ताल
इस तस्वीर को गूगल रिवर्स इमेज पर सर्च करने पर हमें
‘द जेरूसलम पोस्ट’ का पोस्ट मिला। यह यरुशलम में स्थित एक अंग्रेजी भाषा का इस्राइली अखबार है। इसकी वेबसाइट पर अभी वायरल हो रही तस्वीर के साथ एक खबर मौजूद थी। इस खबर को 2 नवंबर 2023 में पोस्ट किया गया था। इस खबर में बताया गया कि उत्तर और दक्षिण से इस्राइल पर दागे गए रॉकेट हमलों से मध्य इस्राइली गांव और उत्तरी शहर किरयात श्नोबा के दो घर सीधे तौर पर क्षतिग्रस्त हो गए ।
आगे सर्च करने पर हमें टाइम्स ऑफ इस्राइल के सैन्य संवाददाता
इमैनुएल (मैनी) फैबियन का एक्स पोस्ट मिला। इस पोस्ट को 2 नवंबर 2023 को किया गया था जिसमें वायरल तस्वीर मौजूद थी।
इस एक्स पोस्ट में लिखा था “एमडीए ने कहा कि किरयात शमोना में रॉकेट हमले में दो लोग घायल हुए हैं, जिनमें एक 25 वर्षीय व्यक्ति है जो छर्रे लगने के कारण गंभीर स्थिति में है और एक 40 वर्षीय व्यक्ति है जो विस्फोट के कारण चोटिल है। आग और बचाव सेवाओं के द्वारा ये तस्वीर ली गई है।
पड़ताल का नतीजा
हमारी पड़ताल में यह साफ है कि ये हमला एक वर्ष पुराना है।