सोशल मीडिया पर एक सुनीता विलियम्स का एक वीडियो शेयर किया गया है। वीडियो में सुनीता एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए नजर आ रही हैं। यह वीडियो नौ महीने बाद उनके अंतरिक्ष से वापस आने के बाद शेयर किया जा रहा है।
क्या है दावा
इस वीडियो को सुनीता विलियम्स के अंतरिक्ष से लौटने के बाद का बताकर शेयर किया जा रहा है। इस वीडियो में सुनीता गणेश भगवान, भगवत गीता के बारे में बात करती हुई नजर आ रही हैं।
विपिन सिंह राजपूत भाजपा (@VipinSinghbjp74) नाम के एक एक्स यूजर ने लिखा “सुनीता विलियम्स पर इकोसिस्टम की बौखलाहट क्यों? क्योंकि सुनीता विलियम्स अपने भारतीय मूल पर गर्व करती हैं, भारत की समृद्ध विरासत का सम्मान करती हैं और खुलेआम भगवद गीता व भगवान श्री गणेश के प्रभाव को स्वीकार करती हैं…” (
पोस्ट का आर्काइव लिंक)
महाकुंभ ओडिसी (@greatindiansaga) नाम के एक एक्स यूजर ने लिखा “सुनीता विलियम्स की उपलब्धियों का जश्न मनाने के लिए भारतीयों को ट्रोल करने वाला इकोसिस्टम उनकी भारतीय जड़ों और आध्यात्मिक विरासत पर उनके बेबाक गर्व से प्रेरित है। गीता और भगवान गणेश की उनकी मान्यता दुष्प्रचार को चुनौती देती है। भारत आपका स्वागत करता है और आपकी विशेषज्ञता का लाभ उठाने के लिए तत्पर है।”(
पोस्ट का आर्काइव लिंक)
इसी तरह के कई और पोस्ट आप
यहां और
यहां देख सकते हैं।
पड़ताल
इस वीडियो की पड़ताल करने के लिए हमने वीडियो के कीफ्रेम्स को गूगल रिवर्स इमेज पर सर्च किया। यहां हमें
एनडीटीवी इंडिया के यूट्यूब चैनल पर ये वीडियो देखने को मिला। वीडियो को 2013 में प्रकाशित किया गया था। यहां से हमें पता चला कि ये वीडियो उस समय का है जब सुनीता विलियम्स भारत में पहुंची थीं। भारत की अपनी यात्रा के दौरान दिल्ली में राष्ट्रीय विज्ञान केंद्र में मीडिया से बात करते हुए उन्होंने ये बात कही थी।
इस खबर के बारे में अधिक जानने के लिए हमने
अमर उजाला के न्यूज डेस्क से संपर्क करके इस खबर की पुष्टि की। यहां से हमें पता चला कि सुनीता विलियम्स का यह वीडियो 2013 का है। सुनीता जब भारत आई थीं तब उन्होंने नेशनल साइंस सेंटर में छात्र-छात्राओं से बात की थी। उन्होंने कहा कि मैं दक्षिण में गई हूं। मेरे पिता अहमदाबाद से थे, इसलिए मैंने भारत का वह हिस्सा देखा है। लेकिन अब हिमालय की तरफ जाना चाहूंगी। मैं पूर्वी भारत देखना चाहूंगी। अमेरिका के ओहिओ में जन्मीं 47 वर्षीय सुनीता ने कहा था कि वह अंतरिक्ष में अपने साथ उपनिषद और गीता भी ले गई थीं। भारत के लजीज खाने की शौकीन सुनीता ने बताया कि उन्हें समोसे बेहद पसंद हैं और वे अंतरिक्ष में कुछ समोसे साथ ले जाना नहीं भूलीं।
पड़ताल का नतीजा
हमारी पड़ताल में यह साफ है कि वीडियो 11 वर्ष पुराना है जिसे अभी का बताकर शेयर किया जा रहा है।