जीनत अमान ने शेयर किया पोस्ट
जीनत अमान ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर फिल्म 'सत्यम शिवम सुंदरम' के सेट से एक पुरानी तस्वीर शेयर की है। तस्वीर के कैप्शन में उन्होंने लिखा, 'दिसंबर महीने में राज कपूर की 100वीं बर्थ एनिवर्सरी होने जा रही है। आज मैं आपको बताने वाली हूं कि फिल्म 'सत्यम शिवम सुंदरम' में मुझे रूपा के किरदार के लिए कैसे चुना गया था।' जीनत अमान ने लिखा, 'साल 1976 में मैं 'वकील बाबू' की शूटिंग कर रही थी। फिल्म में राज जी अहम किरदार निभा रहे थे। उनके छोटे भाई शशि कपूर और मैं लीड किरदार में थे। टेक के बीच में जब टेक्नीशियन सेट बदलते थे या लाइट बदलते थे उस वक्त हम कास्ट मेंबर टाइम पास कर रहे होते थे। राज जी अपनी कला को लेकर क्रांतिकारी सोच रखते थे और वो एक फिल्म को लेकर जोश से काफी भरे हुए थे। वो इस फिल्म को बनाना चाहते थे।'
सेट पर सुनाया फिल्म का आइडिया
अपनी पोस्ट में जीनत अमान ने आगे लिखा, 'राज जी कुछ वक्त तक हमें स्टोरी आइडिया सुनाते रहे कि एक आदमी है, जो एक महिला की आवाज को सुनकर उसके प्यार में पड़ जाता है। हालांकि खुद को उसकी अपीयरेंस से नहीं जोड़ पाता है। वो बेबाकी और जोश से भरे हुए बोलते हैं लेकिन एक बार हिंट तक नहीं देते हैं कि मैं उनकी फिल्म का हिस्सा हूं। मैं पहले से स्टार थी और फिल्म में मुझे कास्ट करने की उनकी दिलचस्पी न होने को लेकर मुझे परेशानी हो रही थी। शायद मुझे पता था कि मेरी मिनी स्कर्ट और बूट्स वाली छवि इसकी एक वजह थी। इसलिए मैंने सोचा कि खुद ही राज कूपर को इसके लिए मनाना शुरू करूं।'
मैंने खुद को रूपा की तरह तैयार किया
अदाकारा ने आगे लिखा, 'मैं पहले से जानती थी कि राज जी अपना अधिकतर समय आरके स्टूडियो स्टूडियो के ग्राउंड में बिताया करते थे। यह भी सुनने में आया था कि वो मीटिंग और छोटे इवेंट भी यहीं रखते थे। इसलिए मैंने एक कदम उठाया। एक दिन शूटिंग जल्द खत्म कर मैंने 30 मिनट निकाले और उस वक्त को अपने ड्रेसिंग रूम में लगाया। मैंने खुद को रूपा की तरह तैयार किया।' जीनत अमान ने आगे लिखा, 'मैंने घाघरा चोली पहनी, अपने बालों को गूंथकर परांदा लगाते हुए चोटी बनाई। इसके बाद गोंद से टिशू पेपर को अपने चेहरे पर चिपकाते हुए निशान बनाने की कोशिश की।' एक्ट्रेस ने आगे लिखा, 'जब मैं द कॉटेज पहुंची तो राज जी के राइट हैंड मैन जॉन ने मेरा स्वागत किया। उसने एक बार को मेरी तरफ अचंभे से देखा। फिर मेरी प्रार्थना को माना कि साहब जी से कहो कि रूपा आई है। आगे की कहानी कल बताऊंगी।' जीनत अमान की इस पोस्ट को पढ़ने के बाद उनके फैंस भी आगे की कहानी जानने के लिए काफी ज्यादा एक्साइटेड हो गए हैं। हालांकि आगे की कहानी जानने के लिए अदाकारा के फैंस को थोड़ा इंतजार करना होगा।