फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

हिजाब विवाद पर भड़कीं जायरा वसीम, बोलीं- नीतीश कुमार माफी मांगे; वीडियो से मचा बवाल

Tue, 16 Dec 2025 02:59 PM IST
हिमांशु सोनी एंटरटेनमेंट डेस्क, अमर उजाला

सार

Zaira Wasim on CM Nitish Kumar: पूर्व अभिनेत्री जायरा वसीम ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से माफी मांगने के लिए कहा है। कड़े शब्दों में जायरा ने सीएम के खिलाफ अपनी नाराजगी जाहिर की है। क्या है पूरा मामला, चलिए जानते हैं।
विज्ञापन
जायरा वसीम - फोटो : एक्स
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

बिहार की राजनीति एक बार फिर विवादों के घेरे में आ गई है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह एक सरकारी कार्यक्रम के दौरान एक महिला डॉक्टर के चेहरे से हिजाब हटाते नजर आ रहे हैं। इस घटना के सामने आते ही देशभर में तीखी प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। फिल्म ‘दंगल’ और ‘सीक्रेट सुपरस्टार’ से पहचान बनाने वाली पूर्व अभिनेत्री जायरा वसीम ने इस पूरे मामले पर कड़ा ऐतराज जताया है और मुख्यमंत्री से बिना शर्त माफी की मांग की है।
विज्ञापन


नीतीश कुमार ने महिला का हटाया हिजाब
घटना पटना में आयोजित एक प्रमाणपत्र वितरण समारोह की है। कार्यक्रम के दौरान जब नीतीश कुमार एक आयुष डॉक्टर को प्रमाणपत्र सौंप रहे थे, उसी समय उन्होंने इशारों में महिला से हिजाब हटाने को कहा। महिला के तुरंत प्रतिक्रिया न देने पर मुख्यमंत्री ने खुद आगे बढ़कर उनका हिजाब नीचे कर दिया, जिससे उनका चेहरा सार्वजनिक रूप से दिख गया। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो कुछ ही घंटों में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया और देखते ही देखते यह राष्ट्रीय बहस का विषय बन गया।

जायरा वसीम ने जताई नाराजगी
इस वीडियो को देखकर जायरा वसीम ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर गहरी नाराजगी जाहिर की। उन्होंने इसे महिला की गरिमा और निजी सीमा का उल्लंघन बताया। जायरा ने लिखा कि किसी भी पद या सत्ता को यह अधिकार नहीं देता कि वह किसी महिला की धार्मिक और व्यक्तिगत मर्यादा से खिलवाड़ करे। एक मुस्लिम महिला के तौर पर इस दृश्य को देखना उनके लिए बेहद पीड़ादायक था।
विज्ञापन

 

जायरा वसीम ने साफ शब्दों में कहा कि सार्वजनिक मंच पर किसी महिला के साथ ऐसा व्यवहार अस्वीकार्य है और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को उस महिला से बिना किसी शर्त के माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि यह मुद्दा सिर्फ धर्म का नहीं, बल्कि सम्मान, सहमति और व्यक्तिगत अधिकारों का है।

विपक्षी दलों ने सीएम के बर्ताव को बताया शर्मनाक
इस मामले ने राजनीतिक रंग भी ले लिया है। कांग्रेस सहित कई विपक्षी दलों ने मुख्यमंत्री के व्यवहार को शर्मनाक करार दिया है। राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) ने तो यहां तक सवाल उठा दिया कि क्या मुख्यमंत्री अपने आचरण और जिम्मेदारी के प्रति सचेत हैं। सोशल मीडिया पर भी बड़ी संख्या में लोग महिला के समर्थन में सामने आए हैं और इसे सत्ता के दुरुपयोग का उदाहरण बता रहे हैं।

2019 में फिल्मी दुनिया से बनाई दूरी
गौरतलब है कि जायरा वसीम ने वर्ष 2019 में फिल्मी दुनिया से दूरी बना ली थी। उन्होंने उस समय कहा था कि अभिनय उनके धार्मिक विश्वासों से टकराता है। भले ही वह अब फिल्मों का हिस्सा नहीं हैं, लेकिन सामाजिक मुद्दों पर उनकी राय आज भी व्यापक चर्चा का विषय बन जाती है। फिलहाल, इस पूरे मामले पर नीतीश कुमार या उनके कार्यालय की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। लेकिन जिस तरह से यह वीडियो और उस पर आई प्रतिक्रियाएं चर्चा में हैं, उससे साफ है कि यह मामला आने वाले दिनों में बिहार की राजनीति और सामाजिक विमर्श में अहम भूमिका निभाने वाला है।

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें