बॉलीवुड स्टार शाहरुख खान का कहना है कि उनकी जिंदगी में महिलाओं का बड़ा योगदान है। महिलाओं ने ही उनके कॅरियर को संभाला है। खासकर उनकी दादी, पत्नि, बेटी और वे, जिनके साथ वह फिल्मी दुनिया में काम करते हैं।
बकौल शाहरुख, ‘मेरे कॅरियर को महिलाओं ने नया आयाम दिया है। मेरी दादी से मेरी बेटी तक सभी पीढ़ियों की महिलाओं का योगदान अहम रहा है। इसमें मेरी पत्नी, मेरी चाची, कॉलोनी की दीदियों और वे महिलाएं, जिनके साथ मैं फिल्मी दुनिया में काम करता हूं।
आज मैं जो कुछ भी हूं और जो कुछ भी हासिल किया हूं, इसमें सौ फीसदी उनका योगदान है। इन महिलाओं के बगैर मैं एक आधा-अधूरा व्यक्ति रहता।’ 50 वर्षीय सुपर स्टार अभिनेता ने यह बात जानी-मानी लेखक गुंजन जैन की किताब ‘शी वॉक, शी लीड्स’ के विमोचन के दौरान कहीं। यह किताब नीता अंबानी, चंदा कोच्चर और स्वाति परिमल समेत शीर्ष 24 महिलाओं की जीवनी पर है।