बॉलीवुड में जब भी बात किरण की होती है तो शाहरुख वाला अंदाज ही याद आता है। अरे वही क..क..किरण, पर किरण तो आमिर की हैं। तो आमिर क्या कहते होंगे अपनी लेडी लव को? सोचिए..
जनाब इसका जवाब हमने ढूंढ निकाला है। हुआ यूं कि आमिर मीडिया से मुखातिब हो रहे थे तभी उनकी बेगम ने फोन घुमा दिया। उन्होंने बड़े ही प्यार से कहा – किरण जी का फोन आया है। उस वक्त उनकी आंखों में जो चमक थी उसके बारे में क्या कहा जाए, काश! किरण वो देख पातीं! बातों के दौरान जब भी किरण का ज़िक्र हुआ तो उन्होंने उन्हें ‘किरण जी’ कहकर संबोधित किया, और इस संबोधन का अंदाज बहुत ही हसीन था। अंग्रेजी में ‘ग्रेस’ जिसे कहते हैं न, कुछ वैसी ही फीलिंग आ रही थी। फिर भी इतना तो हमें पता था कि आमिर किरण को चाहें जितना भी प्यार और सम्मान देते हों पर उन्हें दिनभर ‘किरण जी’ कहकर तो नहीं बुलाते होंगे। हर हस्बैंड का एक स्वीट वाला भी अवतार होता है, उस अवतार में आमिर उन्हें क्या बुलाते होंगे ये जानना था।
किरण का फोन आया नहीं कि मीडिया ने तपाक से पूछ लिया – आमिर, आप किरण को क्या बुलाते हैं? उन्होंने हल्की-सी शर्मीली मुस्कुराहट के साथ जवाब भी दिया पर जब मीडिया सबूत देख सकती थी तो सिर्फ जवाब सुनकर कौन खुश होता?
किरण को आमिर 'गर्र' बुलाते हैं। जी हां, अब कोई भी ये सोचेगा कि ये क्या नाम हुआ और इस नाम का मतलब क्या है? इस राज से पर्दा उठाते हुए आमिर ने बताया कि जब वो बहुत रोमांटिक होते हैं तो बाघ की आवाज (गर्र..) निकालते हुए किरण को पुकारते हैं इसलिए उन्होंने फोन में उनका नाम भी गर्र.. ही सेव कर रखा है। किरण आमिर को छोटेलाल कहती हैं, वो क्या है कि अपने मिस्टर परफेक्शनिस्ट की हाइट थोड़ी कम है न, तो मैडम इसी पर उनकी फिरकी ले लेती हैं।