भारतीय सिनेमा के निर्देशक विक्रमादित्य मोटवानी को ओटीटी का चलन खूब भा रहा है। उनकी पहली वेब फिल्म 'एके वर्सेज एके' की शूटिंग अभी खत्म भी नहीं हुई है, तब तक उन्होंने एक नई वेब सीरीज को फिल्माने का मन बना लिया है। खबर है कि ये वेब सीरीज चार सीजनों में पूरी होगी, इनमें से एक सीजन की पटकथा पर विक्रमादित्य ने काम पूरा कर लिया है। बहुत ही जल्द उनके पहले सीजन की शूटिंग सेट तक का रास्ता तय करेगी।
विक्रमादित्य को ओटीटी का चस्का 'लस्ट स्टोरीज' और 'घोस्ट स्टोरीज' जैसी फिल्मों का हिस्सा होने पर लगा है। ये अलग-अलग कहानियों के संग्रह वाली फिल्मों में विक्रमादित्य को निराशा भी हाथ लगी, और सफलता ने भी कदम चूमे। तब से लगातार वह वेब के लिए ही काम किए जा रहे हैं। खबरों के मुताबिक, विक्रमादित्य की इस अघोषित वेब सीरीज का नाम 'स्टारडस्ट' है। इसे अमेजॉन प्राइम वीडियो के लिए बनाया जाएगा।
सूत्रों के हवाले से सीरीज की कहानी पर थोड़ा प्रकाश डाला गया है। बताया गया है कि ये दो फिल्मी सितारों की कहानी है, जो एक दूसरे के प्रतिद्वंद्वी हैं। देश की आजादी के साल 1947 से इनकी कहानी शुरू होगी, और चार सीजन के बाद 80 के दशक के अंत में इनकी कहानी का भी अंत होगा। सीरीज के कलाकारों के बारे में अभी कोई खुलासा नहीं हुआ है। कयास लगाए जा रहे हैं कि आयुष्मान खुराना के भाई अपारशक्ति खुराना इस सीरीज का अहम हिस्सा हो सकते हैं।
फिलहाल विक्रमादित्य अपनी अगली वेब फिल्म 'एके वर्सेज एके' के निर्देशन में व्यस्त हैं। इस फिल्म में अभिनेता अनिल कपूर और निर्देशक अनुराग कश्यप मुख्य भूमिका में हैं। इस फिल्म के पहले पड़ाव की शूटिंग हाल ही में मुंबई के धारावी इलाके में पूरी हुई है। इसकी सूचना अनिल कपूर ने अपने सोशल मीडिया एकाउंट पर एक पोस्ट साझा करके दी थी।