सार
जल्द ही राजश्री प्रोडक्शन और सूरज बड़जात्या प्रोड्यूस सीरीज ‘बड़ा नाम करेंगे’ का प्रीमियर होगा। इस सीरीज से राजश्री वाले ओटीटी पर डेब्यू कर रहे हैं। यहां भी वह अपनी स्टाइल को फॉलो कर रहे हैं। सूरज बड़जात्या प्रोड्यूस यह सीरीज फैमिली वैल्यूज को दिखाती है। हाल ही में इस सीरीज की स्क्रीनिंग पर सूरज बड़जात्या और शो के कुछ कलाकार पहुंचे। इस मौके पर सूरज बड़जात्या ने सीरीज से जुड़ी कई बातें साझा कीं।
सीरीज 'बड़ा नाम करेंगे' की स्क्रीनिंग पर सूरज बड़जात्या
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, मुंबई
राजश्री प्रोडक्शन बॉलीवुड में, टीवी सीरियल्स में अपनी संस्कारी कहानियों के लिए जाना जाता है। इनकी फिल्में, सीरियल दर्शक अपने परिवार के साथ बैठकर आराम से देख पाते हैं। अब राजश्री वाले अपने इस अंदाज के साथ ओटीटी पर नजर आएंगे। जल्द ही सूरज बड़जात्या के राजश्री प्रोडक्शन तले बनी पहली वेब सीरीज ‘बड़ा नाम करेंगे’ का प्रीमियर सोनी लिव पर होने वाला है। हाल ही में इस सीरीज की स्क्रीनिंग हुई, जिसमें सूरज बड़जात्या और सीरीज से जुड़े कलाकार शामिल हुए। इस मौके पर सूरज बड़जात्या ने सीरीज के बारे में क्या कहा, जानिए?
फैमिली साथ में देख पाएगी ये ओटीटी शो
ओटीटी पर राजश्री प्रोडक्शन की डेब्यू सीरीज को लेकर सूरज बड़जात्या काफी खुश हैं। वह शो की स्क्रीनिंग पर कहते हैं, ‘यह मेरे लिए एक इमोशनल पल है। ओटीटी पर क्राइम, थ्रिलर कंटेंट ज्यादा है लेकिन लोग इन सीरीज को अपने-अपने कमरों में देखते हैं। ऐसे में हम राजश्री की तरफ एक फैमिली शो ऑडियंस को दे रहे हैं। इस वेब सीरीज को फैमिली के साथ देखा जा सकता है। मैं अपने डायरेक्टर पलाश वासवानी को शुक्रिया कहना चाहूंगा, उन्होंने बहुत ही अच्छी सीरीज बनाई है। हम चाहते हैं कि नए क्रिएटिव लोग हमारे साथ जुड़े और हम और भी अच्छा काम करें।
सीरीज 'बड़ा नाम करेंगे' की स्क्रीनिंग पर सूरज बड़जात्या, ऋतिक घनशानि, राजेंद्र चावला और चिराग वोहरा
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, मुंबई
सीरीज के ये सितारे स्क्रीनिंग पर नजर आए
सीरीज बड़ा नाम करेंगे की स्क्रीनिंग पर राजेंद्र चावला, चिराग वोहरा और ऋतिक घनशानि शामिल हुए। सीरीज में ऋतिक घनशानि ने ऋषभ का लीड रोल निभाया है। वह अपने परिवार से बहुत प्यार करने वाले एक लड़के का रोल निभा रहे हैं।
बड़ा नाम करेंगे
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, मुंबई
क्या है सीरीज की कहानी
सीरीज ‘बड़ा नाम करेंगे’ की कहानी की शुरुआत ऋषभ (ऋतिक घनशानि) और सुरभि (आयशा कादुस्कर) के किरदारों से होती है, जो लॉकडाउन में एक जगह पर साथ फंस जाते हैं। इस मुश्किल से निकलने के बाद उन्हें लगता है कि दोबारा मुलाकात नहीं होगी लेकिन आगे इनका ही रिश्ता एक-दूसरे को आ जाता है। परिवार इनकी शादी तय कर देता है। आगे कहानी में कुछ ऐसे मोड़ आते हैं कि परिवार ही इनकी शादी ना करने का फैसला लेता है लेकिन तब तक दोनों को प्यार हो चुका होता है। कैसे ये दोनों अपने प्यार को पाएंगे, परिवार को मानेंगे, यही सीरीज की कहानी है। कहानी को राजश्री ने अपने ही जाने-पहचाने अंदाज में बनाया है। इस सीरीज में कंवलजीत सिंह, अलका अमीन, राजेश जैस, चित्राली लोकेश, राजेश तैलंग, अंजना सुखानी और प्रियंवदा कांत जैसे कई उम्दा कलाकारों की टीम भी शामिल है।