कोरोना वायरस के दहशत भरे माहौल में रोज कुछ न कुछ नया करके लोगों का मनोरंजन करने की कोशिशें हो रही हैं। भारती सिंह चुटकुले सुना रही हैं। कटरीना कैफ बर्तन धो रही हैं। अदा शर्मा किचन में कुंगफू कर रही हैं और अनुष्का शर्मा को कुछ नहीं मिला तो वह विराट कोहली के बाल काट रही हैं लेकिन श्रिया पिलगांवकर इन सबसे अलग कुछ अतरंगी करने जा रही हैं और इसके लिए उन्होंने तमाम मददगार भी जुटा लिए हैं।
आपको शायद यकीन न हो लेकिन घर बैठे लोगों को नाटक दिखाने का प्रयोग भी कोरोना काल में होने जा रहा है। वैसे तो हाल ही में जी5 ने अपने ओटीटी पर तमाम नाटकों का प्रसारण किया था। ये नाटक जी समूह के एक चैनल के लिए कुछ साल पहले शूट किए गए थे। पर विशेषज्ञों का ये शुरू से मानना रहा है कि नाटकों का असली मजा इनके लाइव होने में ही है। रिकॉर्डेड नाटकों में लोगों की दिलचस्पी कम ही रही है।
ऑनलाइन नाटक में लाइव का रोमांच और रोमांस पैदा करने के लिए ही नाटक 'लॉकडाउन लव' आ रहा है जिसमें श्रिया पिलगांवकर और प्रियांशु पैन्युली मुख्य भूमिका निभाएंगे। यह अमेरिकन लेखक जॉनाथन रैंड के नाटक 'चेक प्लीज' से प्रेरित है जिसको अभिनेता और रेडियो जॉकी रोशन अब्बास होस्ट करने के साथ तकनीकी सहयोग भी देंगे। श्रिया और प्रियांशु के साथ इस नाटक में तन्मय धनानिया, अश्विन मुशरान और कीरा नारायणन भी भूमिकाएं निभाएंगे।