कंगना रणौत का रियलिटी शो 'लॉकअप' सुर्खियों में है। इस शो में अब तक कंटेस्टेंट्स ने अपनी पर्सनल लाइफ से जुड़े कई बड़े खुलासे किए हैं, जिस वजह से ये शो लगातार लाइमलाइट में है। इन सबके बीच इस रियलिटी शो में कंटेस्टेंट्स के बीच भयंकर लड़ाई भी देखने को मिल रही है। हाल ही में, पायल रोहतगी और शिवम शर्मा जेल में लड़ते हुए नजर आए। इस लड़ाई के बीच शिवम ने पायल पर थूकने का आरोप लगाया, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
दरअसल, एमएक्स प्लेयर के इंस्टाग्राम अकाउंट पर शो का एक प्रोमो शेयर किया, जिसमें पायल और शिवम बुरी तरह लड़ते नजर आ रहे हैं। वीडियो में देखा जा सकता है कि पायल और शिवम लड़ रहे हैं और इसी बीच शिवम पायल पर आरोप लगाते हैं कि अभिनेत्री ने उन पर थूका है। वह कहते हैं, 'आपका करियर इस लॉकअप में खत्म है। आपने मुझपर थूका है अब मैं आपको बताऊंगा कि मैं क्या करता हूं। अब देखना क्या हालत करता हूं। अब होगा तांडव।'
इसके बाद शिवम पायल से बदला लेते हुए दिखाई दे रहे हैं। वह पायल को रात भर परेशान करते हैं, जिससे अभिनेत्री काफी ज्यादा भड़क जाती हैं। शिवम कभी पायल के सिर के आगे जोर-जोर से प्लेट बजाते हैं तो कभी उनका बिस्तर पूरा खराब कर देते हैं। इस दौरान पायल रोहतगी शिवम को उनका सामान छूने के लिए मना करती हैं। लेकिन शिवम नहीं मानते, जिसकी वजह से अभिनेत्री भड़क जाती हैं।
शिवम कहते हैं, 'कितनी इज्जत दी थी मैंने तुम्हें। लेकिन तुमने मुझपर थूका।' इस पर पायल कहती हैं, 'तुम थूकने के ही लायक हो।' हालांकि, इन दोनों के लड़ाई में आजमा भी बोलने की कोशिश करती हैं लेकिन पायल उन्हें 'आंटी' कहकर चुप करवा देती हैं।