इस प्रोजेक्ट से कलाकार के रूप में हाल ही में जुड़े आईएएस अफसर अभिषेक सिंह को उत्तर प्रदेश के जिले मथुरा में तैनाती के दौरान एक दलित शिक्षक को अपने ऑफिस में उठक बैठक करवाने के लिए जाना जाता है। उनके इस कृत्य के कारण तत्कालीन मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने अभिषेक सिंह को मथुरा से निलंबित कर दिया था। उसके बाद अभिषेक की नियुक्ति दिल्ली में हुई। दिल्ली में डिप्टी कमिश्नर के पद पर तैनात रहते हुए अभिषेक ने कई अवैध निर्माणों के खिलाफ अभियानों का नेतृत्व किया। इसी दौरान उनकी जान पहचान फिल्म निर्माण कंपनी इरॉस के अधिकारियों से हुई।
अभिषेक सिंह शुरुआत से ही फिल्मों में काम करना चाहते थे। फिर भी उनकी इरॉस के अधिकारियों से मुलाकात हो जाने के बाद भी बात नहीं बनी। वह पिछले 3 साल से मुंबई के कई फिल्म निर्माताओं के दफ्तरों के चक्कर काट चुके थे। अंत में उन्हें नेटफ्लिक्स की इस चर्चित वेब सीरीज में काम मिल ही गया। इंडस्ट्री में चर्चा है कि अभिषेक को इस वेब सीरीज में काम कास्टिंग निर्देशक मुकेश छाबड़ा की पहल पर दिया गया है। सीरीज के पहले सीजन में शेफाली शाह, रसिका दुग्गल, आदिल हुसैन और राजेश तेलंग आदि कलाकारों ने मुख्य भूमिकाएं निभाई हैं।