मार्वेल सिनेमैटिक यूनिवर्स के किरदार थॉर से अथाह प्रसिद्धि हासिल कर चुके अभिनेता क्रिस हेम्सवर्थ की हाल ही में ओटीटी प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स पर रिलीज हुई फिल्म 'एक्सट्रैक्शन' का सीक्वल बनने जा रहा है। इस फिल्म की भी कहानी 'अवेंजर्स : एंडगेम' के सह निर्देशक और फिल्म 'एक्सट्रैक्शन' के निर्माता और लेखक जो रूसो लिखने जा रहे हैं।
क्रिस हेम्सवर्थ की इस एक्शन थ्रिलर फिल्म को सेम हारग्रेव ने निर्देशित किया है। इसके सीक्वल में भी यह दोनों ही काम कर सकते हैं लेकिन इस बारे में अभी कोई पुष्टि नहीं की गई है। जो रूसो ने कहा, 'मैं 'एक्सट्रैक्शन 2' की कहानी लिख रहा हूं लेकिन फिलहाल यह शुरुआती अवस्था में ही है। इसकी कहानी आगे बढ़ेगी या फिर रेक टाइलर की जिंदगी का पिछला हिस्सा दिखाएंगे, इस पर अभी कुछ भी कहा नहीं जा सकता। हमने इस फिल्म में एक अधूरा अंत छोड़ा है जिसको लेकर दर्शकों के दिमाग में कई सारे सवाल हैं। जल्द ही उन्हें इन सारे सवालों के जवाब मिल जाएंगे।'