आपका मनोरंजन करने के लिए 90 का वह सुनहरा दौर नए जमाने की वेब सीरीज के रूप में लौट आया है। जी हां, प्राइम वीडियो की 'सिनेमा मरते दम तक' नामक वेब सीरीज आपको उसी दौर का एहसास कराने के लिए पूरी तरह से तैयार हैं।
आज के आधुनिक दौर में अक्सर लोग 90 के दशक में देखी गई फिल्मों और शोज को याद तो जरूर करते हैं...लेकिन बड़ा सवाल है कि क्या आप उन्हें देखने का समय निकाल पाते हैं?????....बताइए निकाल पाते हैं क्या? अगर नहीं तो आपका मनोरंजन करने के लिए 90 का वह सुनहरा दौर नए जमाने की वेब सीरीज के रूप में लौट आया है। जी हां, प्राइम वीडियो की 'सिनेमा मरते दम तक' नामक वेब सीरीज आपको उसी दौर का एहसास कराने के लिए पूरी तरह से तैयार हैं। आज ओटीटी प्लेटफॉर्म ने अपनी इस नई और ओरिजनल वेब सीरीज का ट्रेलर रिलीज करने के साथ-साथ इसकी रिलीज डेट का एलान भी कर दिया है। सामने आते ही सीरीज का ट्रेलर दर्शकों को अपनी ओर आकर्षित करने में सफल हो रहा है। चलिए आपको बताते हैं ट्रेलर में क्या-क्या देखने को मिलने वाला है।
रिलीज किए गए 2 मिनट 29 सेकेंड के इस ट्रेलर को देखकर आपको पुरानी फिल्मों और शोज की याद आना लगभग तय है। 'सिनेमा मरते दम तक' के इस ट्रेलर के मुताबिक छह एपिसोड की इस रिएलिटी डॉक्यूमेंट्री-सीरीज में आपको हॉरर, ग्लैमर, रोमांस और थ्रिल सभी का एक साथ तड़का देखने को मिलने वाला है। इस सीरीज में 90 के गुजरे दशक की सिनेमा इंडस्ट्री की चकाचौंध और इकोसिस्टम की झलक दिखाई गई है। इस खास सीरीज में रजा मुराद, मुकेश ऋषि, हरीश पटेल और राखी सावंत जैसे कलाकार भी दिखाई देंगे। वह इसमें अभिनय करने के बजाय उस गुजरे जमाने के को लेकर अपने-अपने विचार साझा करते नजर आएंगे। खास बात यह है कि इस सीरीज के आखिरी एपिसोड में अभिनेता अर्जुन कपूर होस्ट के रूप में नजर आने वाले हैं।
ट्रेलर में अर्जुन कपूर की झलक भी दिखाई दे रही है। वह जे नीलम, विनोद तलवार, दिलीप गुलाटी और किशन शाह जैसे निर्देशकों के साथ बैठकर उस दौर में फिल्में कैसे बना करती थीं इस बात पर बातचीत करते नजर आ रहे हैं। सीरीज में फिल्म की स्क्रिप्ट तैयार करने से लेकर उसे फिल्मी पर्दे पर उतारने तक के किस्सो के बारे में बताया जाएगा। ऐसा सब करने के लिए कलाकारों के विचारों का इस्तेमाल किया जाएगा। 'सिनेमा मरते दम तक' का निर्माण वासन बाला द्वारा किया गया है। यह रियलिटी डॉक्यूमेंट्री-सीरीज 20 जनवरी को भारत के साथ-साथ दुनिया के 240 देशों में रिलीज की जाएगी।