जिन लोगों ने भी एआर रहमान का म्यूजिक वीडियो ‘वंदे मातरम्’ या फिर भारतीय सेना के साथ सियाचीन में बना ‘जन गण मन’ सिनेमाघरों में देखा है, उन्हें इन दोनों वीडियो के निर्देशक भारत बाला के दृश्य कौशल के नाटकीय विस्तार का अंदाजा है। मानवीय संवेदनाओं को विशाल कैनवस पर उतारने की भारत बाला की ये खासियत शनिवार को रिलीज हुई एक खास फिल्म में फिर दिखी। ये फिल्म आप अमर उजाला वेबसाइट पर भी देख सकते हैं। इस फिल्म का नाम है, ‘उठेंगे हम’और इसमें लॉकडाउन के दौरान के पूरे देश के विस्मयकारी दृश्यों का संकलन किया गया है।
अमर उजाला से एक खास बातचीत में भारत बाला कहते हैं, “देश के इतिहास का ये एक असाधारण समय है। हमने सोचा जो कुछ 24 मार्च से हमारे आसपास हो रहा है, वह इसके पहले मानव सभ्यता के स्मृतिकाल में न पहले कभी हुआ और ईश्वर से ये कामना ही की जा सकती है कि फिर न कभी हो। 130 करोड़ की आबादी वाला ये देश एकदम से थम गया और हमारी वर्चुअल भारत की टीमें भी इस दौरान जहां की तहां रुक गईं।”
भारत बाला पिछले काफी समय से अलग प्रांतों की लोक कथाओं को वहीं की बोली में फिल्माने का महती कार्य कर रहे हैं। उत्तर प्रदेश व उत्तरांखड की सरकारों की मदद से उन्होंने इन दोनों राज्यों की स्थानीय बोलियों व भाषाओं में भी 10 मिनट की अवधि की तमाम कहानियां तैयार कर ली हैं। इसके अलावा पूरे देश के हर प्रांत के लिए उन्होंने ऐसे लोगों की टीमें बना रखी हैं जो इन कहानियों को उनके मूल स्थान पर जाकर शूट करते हैं।
भारत बाला बताते हैं, “लॉक डाउन हुआ तो मैं मुंबई में अटक गया और मेरी 117 लोगों की 15 टीमें अलग अलग स्थानों पर अटक गई। लेकिन फिर हमने इस लॉकडाउन को फिल्माने का फैसला लिया। हमारी टीमों ने हजारों किमी की दूरी तय करते हुए कश्मीर से लेकर केरल और गुजरात से लेकर असम तक देश के हर कोने में लॉकडाउन को फिल्माने की कोशिश की। इसके लिए बाकायदा मुंबई में एक कंट्रोल रूम स्थापित किया गया और भारत बाला लगातार वीडियो कॉल और व्हाट्सएप वीडियो के जरिए इन टीमों को निर्देशित करते रहे। पूरे देश में हुए इस फिल्मांकन के बाद मिली फुटेज का संपादन करने के बाद भारत बाला ने जो फिल्म तैयार की है, उसका नाम उन्होंने रखा है, 'उठेंगे हम'।
चार मिनट की ये फिल्म भारत बाला के अनुसार एक नमन है उस देश को जिसकी हिम्मत और होने के अहसास ने कभी हार नहीं मानी और इसके निवासियों ने हमेशा आगे बढते रहने की अपनी धुन को अपने मन में संजोए रखा। इस फिल्म का देश के तमाम महत्वपूर्ण प्लेटफॉर्मों के साथ अमर उजाला डिजिटल पर भी प्रीमियर होगा।
पढ़ें: बारिश को देख भावुक हुईं इरफान की पत्नी सुतापा, सोशल मीडिया पर लिखा- 'मुझे पता है कि यह आपकी तरफ से...'