संगीत को आधार बनाकर नई कहानी होगी शुरू
हाल ही में 'बंदिश बैंडिट्स 2' के प्रीमियर की तारीख की घोषणा की गई है। यह सीरीज अमेजन प्राइम पर दिसंबर की 13 तारीख को दिखाई जाएगी। इसके निर्माताओं ने इस सीरीज का एक पोस्टर भी रिलीज किया है। इस सीरीज में दर्शकों को संगीत की एक सुरीली दुनिया और उससे जुड़ी बेहतरीन कहानी देखने को मिलेगी। इसमें दर्शकों को अलग कहानी के साथ भारतीय और रॉक संगीत का मिश्रण देखने को मिलेगा।
ऋत्विक भौमिक संग नए कलाकार भी होंगे शामिल
'बंदिश बैंडिट्स 2' में ऋत्विक भौमिक और श्रेया चौधरी तो होंगे ही, इनके अलावा कुछ नए कलाकार भी दर्शकों को नजर आएंगे। यह सीरीज अमृतपाल सिंह बिंद्रा द्वारा निर्मित और आनंद तिवारी द्वारा निर्देशित है। इस सीरीज में एक बार फिर शीबा चड्ढा, अतुल कुलकर्णी, राजेश तैलंग और कुणाल रॉय कपूर जैसे कलाकारों की वापसी भी होगी। नए कलाकारों में दिव्या दत्ता, रोहन गुरबक्सानी, यशस्विनी दयामा, आलिया कुरैशी और सौरभ नैय्यर शामिल हैं।
पिछली कहानी भी रही शानदार
अगर 'बंदिश बैंडिट्स' की बात की जाए तो इसकी कहानी काफी अच्छी रही। इसकी कहानी में हिंदुस्तानी शास्त्रीय संगीत और पॉप म्यूजिक की दो अलग दुनिया दिखाई गईं। इस सीरीज की कहानी बहुत गहराई से संगीत पर बात करती है, साथ ही दो अलग तरह के संगीत से जुड़े लोगों के बीच के वैचारिक टकराव को भी दिखाती है। 'बंदिश बैंडिट्स' में नसीरुद्दीन शाह भी नजर आए थे।