एकता कपूर के एक स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म ऑल्ट बालाजी की वेब सीरीज पर सैनिकों के अपमान का आरोप लगा था। इस मामले में यूट्यूबर विकास पाठक उर्फ हिंदुस्तानी भाऊ ने एकता कपूर पर केस दर्ज करवाया था। इसी मामले में अब मुंबई पुलिस ने कोर्ट से कहा है कि एकता कपूर पर लगे आरोपों में कोई आपराधिकता नहीं पाई गई।
इस कारण नहीं हुई कानूनी कार्रवाई
पीटीआई के अनुसार पुलिस रिपोर्ट में कहा गया है कि किसी भी अधिकारी या सक्रिय सशस्त्र बल अधिकारी ने एकता कपूर या ओटीटी प्लेटफॉर्म के खिलाफ शिकायत दर्ज नहीं की है, इसलिए कोई कानूनी कार्रवाई नहीं की गई है।
हिंदुस्तानी भाऊ ने दर्ज करवाया था केस
यूट्यूबर विकास पाठक उर्फ हिंदुस्तानी भाऊ ने बांद्रा मजिस्ट्रेट कोर्ट में एक निजी शिकायत दर्ज कराई थी। इसमें कहा कि एकता कपूर और ओटीटी प्लेटफॉर्म ने एक आपत्तिजनक दृश्य वेब सीरीज में फिल्माया है, इसमें भारतीय सेना की वर्दी का अपमान किया गया है। इसके बाद ही मजिस्ट्रेट ने खार पुलिस को जांच करके रिपोर्ट पेश करने का निर्देश दिया था। इस महीने की शुरुआत में पेश की गई रिपोर्ट में कहा गया है कि इस मामले में मध्य प्रदेश में भी एक मामला दर्ज किया गया है। ऐसे में कहीं और नया मामला दर्ज करने की जरूरत नहीं है। एकता कपूर के अलावा, विकास पाठक ने शिकायत में उनके माता-पिता शोभा और जीतेंद्र कपूर, ऑल्ट बालाजी प्रोडक्शन का भी नाम लिया था।
पुलिस ने जांच में क्या पाया
हिंदुस्तानी भाऊ ने शिकायत में बताया था कि एकता कपूर परिवार स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म के निदेशक हैं, लेकिन पुलिस रिपोर्ट में कहा गया है कि वे बालाजी टेलीफिल्म के निदेशक थे, न कि ऑल्ट बालाजी के। रिपोर्ट में कहा गया है कि शिकायतकर्ता द्वारा लगाए गए आरोपों में कोई आपराधिकता नहीं पाई गई है।
वहीं हिंदुस्तानी भाऊ उर्फ विकास पाठक के वकील अली काशिफ खान देशमुख ने कहा कि एक ही मुद्दे पर अलग-अलग राज्यों में आपराधिक मामले दर्ज करने पर कोई रोक नहीं है, हालांकि एक आरोपी कई मामलों को एक साथ जोड़ने के लिए आवेदन कर सकता है। शिकायत के अनुसार ऑल्ट बालाजी पर एक वेब सीरीज में एक सैन्य अधिकारी को गलत काम करते दिखाया गया। विकास पाठक की शिकायत में कहा गया है कि यह एपिसोड मई 2020 में देखने को मिला था।