निर्देशक और निर्माता विवेक अग्निहोत्री इन दिनों अपनी आगामी फिल्म ‘द दिल्ली फाइल्स’ पर काम कर रहे हैं। इससे पहले विवेक ने ‘द कश्मीर फाइल्स’ फिल्म बनाकर देशभर के लोगों को कश्मीरी हिंदुओं पर कश्मीर में हुए अत्याचार को बड़े पर्दे पर दिखाया था। उन्हें इस फिल्म के लिए खूब सराहनाएं भी मिली थीं। अब वह ठीक उसी तरह की फिल्म लेकर दर्शकों के बीच आने की तैयारी में हैं। हाल ही में फिल्म निर्माता ने अपने एक्स अकाउंट पर एक तस्वीर साझा की और खुलासा किया कि लोगों के दर्द और बलिदान के बारे में जानने के बाद वह सेट पर रो पड़े।
सेट पर रो पड़े निर्माता
विवेक अग्निहोत्री ने अपनी पोस्ट में फिल्म की शूटिंग के बारे में लिखा। उन्होंने बताया की इस कहानी ने सेट पर मौजूद लोगों को अंदर तक हिला दिया और वह खुद को संभाल ना सके और हर दिन कोई ना कोई रो पड़ता है। निर्माता ने यह भी साझा किया कि बीती रात वह भी इस खुद को रोक ना सके और रो पड़े। उन्होंने लिखा, “द दिल्ली फाइल्स की शूटिंग शुरू करने से पहले, हम जानते थे कि यह भारत के इतिहास का एक दर्दनाक अध्याय है। लेकिन हमने कभी नहीं सोचा था कि यह हमें, खासकर युवा क्रू मेंबर्स को कितना प्रभावित करेगा। हमारे लोगों ने जो दर्द, उत्पीड़न, यातना और बलिदान सहा, वह उन्हें लगभग अकल्पनीय लगता है। उन्हें हमारा इतिहास कभी नहीं पढ़ाया गया। सेट पर हर दिन कोई न कोई टूट जाता है। कल रात, यह मैं था।”
Ranbir-Alia Love & War: ‘लव एंड वॉर’ के सेट से रणबीर-आलिया के फोटोज लीक, रेट्रो लुक में नजर आए; देखें तस्वीरें
सेट से तस्वीर की थी साझा
कुछ दिन पहले, विवेक अग्निहोत्री ने ‘द दिल्ली फाइल्स’ के सेट से एक और तस्वीर साझा की थी, जिसमें वह चार लड़कियों के साथ पोज देते नजर आ रहे थे। उन्होंने तस्वीर के साथ लिखा था, “इन युवा और मासूम बंगाली लड़कियों को इस बात का कोई अंदाजा नहीं है कि उनके किरदारों पर जल्द ही क्या आतंक आने वाला है। ‘द दिल्ली फाइल्स’ के सेट से।”
कब होगी फिल्म रिलीज?
‘द दिल्ली फाइल्स’ विवेक अग्निहोत्री की फाइल्स ट्रायोलॉजी को पूरा करेगी, जिसमें ‘द ताशकंद फाइल्स’ और ‘द कश्मीर फाइल्स’ भी शामिल हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक ‘दिल्ली फाइल्स’ का पहला भाग, जिसका शीर्षक बंगाल चैप्टर है, स्वतंत्रता दिवस 2025 पर रिलीज किया जाएगा। विवेक अग्निहोत्री ना सिर्फ सामाजिक मुद्दों पर फिल्में बनाते हैं, बल्कि वह सामाजिक मुद्दों पर खुलकर अपने विचार भी रखते हैं। हाल ही में बंगाल के आरजी कर मेडिकल कॉलेज में हुई घटना के विरोध प्रदर्शन में भी उन्होंने हिस्सा लिया था।
Yeh Kaali Kaali Ankhein 2: 'काली काली आंखें' को मिली तारीफ से गदगद हैं आंचल, कहा- इतने प्यार की नहीं थी उम्मीद