अभिषेक अग्रवाल, पल्लवी जोशी और विवेक अग्निहोत्री
- फोटो : अमर उजाला
हमने की 18 हजार पन्नों की रिसर्च
इस दौरान निर्देशक विवेक अग्निहोत्री ने ‘द बंगाल फाइल्स’ कैसे बनी इसको लेकर बात की। उन्होंने बताया कि हमने सर्वाइवर्स से बात की। हमारी रिसर्च ही 18 हजार पन्नों की है। उन्होंने कहा कि मुझे नहीं लगता कि आज तक भारत के फिल्मी इतिहास में किसी भी निर्देशक-निर्माता ने इतनी गहरी रिसर्च की होगी। ये हमारी जिम्मेदारी है कि अच्छे से रिसर्च करें। क्योंकि जब गांधी फिल्म बनी थी, जिसे कांग्रेस सरकार ने एनएफडीसी के सहयोग से बनवाया था। उस फिल्म ने पूरी दुनिया को भारत की आजादी की लड़ाई के बारे में बताया। उसी का नतीजा है कि आज आपको हर प्रमुख देश में महात्मा गांधी का एक स्टैच्यू मिल जाएगा। इसलिए हमें पता है कि एक फिल्म ऐसे विषय पर कितनी महत्वपूर्ण होती है।
दो साल पहले ही डर गई थीं ममता बनर्जी
इस दौरान विवेक अग्निहोत्री ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का एक वीडियो भी चलाया। इसके बाद उन्होंने बताया कि यह वीडियो एक-डेढ़ साल पहले का जब हमारी टीम वहां पर रिसर्च करने गई थी। तब हमारी टीम को होटल अरेस्ट कर दिया गया था और दो दिन तक वहां रखा गया था। उन्होंने उस दौरान ही कहा था कि ‘द बंगाल फाइल्स’ की टीम को यहां नहीं आने देंगे। यानी अब से डेढ़ साल पहले ही ममता बनर्जी ने यह तय कर लिया था कि वो हमारी फिल्म को बंगाल में नहीं चलने देंगी और हमें वहां पर अपनी फिल्म का प्रदर्शन नहीं करने देंगी।
काफी जांच के बाद सेंसर बोर्ड से बिना किसी कट के पास हुई फिल्म
निर्देशक ने आगे कहा कि यह फिल्म कई इतिहासकारों और जानकारों की सलाह से बनाई गई है। जब हमने सेंसर बोर्ड को यह फिल्म दिखाई तो पचासो सवाल खड़े हुए। भारत के सर्वश्रेष्ठ इतिहासकारों को जांच के लिए तैयार की गई कमेटी में बुलाया गया। हमने हर सवाल का कई पन्नों के सबूतों के साथ जवाब दिया। काफी जांच के बाद इस फिल्म को बिना एक भी कट के सेंसर बोर्ड से पास किया गया। इसके बाद हमने इस फिल्म को अमेरिका में अलग-अलग जगह दिखाया, जहां पूरे के पूरे थिएटर्स भरे हुए थे।
कोलकाता में फिल्म के ट्रेलर लॉन्च में हुआ था हंगामा
हाल ही में कोलकाता में हुए फिल्म के ट्रेलर रिलीज के दौरान भी जबरदस्त हंगामा देखने को मिला, जहां पुलिस ने इवेंट में पहुंचकर कार्यक्रम को रुकवा दिया। इसके बाद विवेक अग्निहोत्री और उनकी पत्नी व अभिनेत्री पल्लवी जोशी ने इस पर नाराजगी जताते हुए प्रदेश सरकार को निशाना बनाया। अब इस विवाद को लेकर निर्देशक विवेक अग्निहोत्री और अभिनेत्री व प्रोड्यूसर पल्लवी जोशी ने आज दिल्ली में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इसमें उन्होंने इससे जुड़े मुद्दों को उठाया और सवालों के जवाब दिए। जानिए इस दौरान उन्होंने क्या कुछ कहा।