सार
25 Years Of Vishal Shekhar: संगीत की दुनिया की प्रसिद्ध जोड़ी विशाल और शेखर को संगीतकार के रूप में एक साथ काम करते हुए 25 साल हो गए। इस अवसर पर दोनों म्यूजिक टूर की तैयारी कर रहे हैं, जिसकी शुरुआत जल्द होने वाली है।
विशाल ददलानी और शेखर रवजियानी की जोड़ी ने साल 2000 से संगीत की दुनिया में कमाल करना शुरू कर दिया था। आज दोनों दिग्गज संगीतकारों में शुमार हैं। इनकी जोड़ी ने कई हिट गानें दिए हैं। 25 साल के इस सुनहरे सफर पर विशाल-शेखर एक म्यूजिक टूर का आयोजन कर रहे हैं, जिसकी तारीखों की घोषणा हो गई है। आइए जानते हैं कब और कहां होगा इनका कॉन्सर्ट।
सितंबर महीने में करेंगे कमाल
विशाल-शेखर को संगीतकार के तौर पर एक साथ काम करते हुए 25 साल हो गए हैं। इस खुशी में ‘विशाल एंड शेखर लाइव टूर’ का आयोजन होने वाला है, जो 12 सितंबर को दिल्ली-एनसीआर के इंदिरा गांधी स्टेडियम में कॉन्सर्ट से शुरू होगा। इसके बाद 13 सितंबर को मुंबई के एनएससीआई डोम में एक और कॉन्सर्ट आयोजित होगा, जिसके टिकट फैंस 18 अगस्त से बुक मॉय शो पर बुक कर सकते हैं। इन शोज के जरिए विशाल-शेखर अपने फैंस को शानदार अनुभव देने वाले हैं।
25 वर्षों के साथ का प्रतीक है ये टूर
विशाल-शेखर का यह आगामी म्यूजिक टूर उनके साथ के 25 साल पूरे होने का प्रतीक है, क्योंकि इस जोड़ी के नाम ‘इश्क वाला लव’, ‘स्वैग से स्वागत’ और ‘दीवानगी दीवानगी’ जैसे मशहूर गानें शामिल हैं।
यह खबर भी पढ़ें:
50 Years Of Rajinikanth: 'सबका शुक्रिया, प्रशंसकों का आभार', सिनेमा में 50 साल पूरे होने पर रजनीकांत का ट्वीट
क्या बोले विशाल ददलानी ?
विशाल ददलानी ने कहा, ‘यह एक रोमांचक और खूबसूरत सफर रहा है। अपने भाई शेखर के साथ संगीत बनाते हुए 25 साल हो गए। इस शो के जरिए हम अपने प्रशंसकों को धन्यवाद कर रहे हैं।’
शेखर रवजियानी ने कहा- यादें वापस ला रहे हैं
शेखर रवजियानी ने कहा, ‘यह कॉन्सर्ट उन सभी चीजों का जश्न है जो हमने साथ मिलकर बनाई हैं। हम हिट गाने और यादें वापस मंच पर ला रहे हैं और उस शानदार अनुभव को अपने प्रशंसकों के साथ साझा करने के लिए बेताब हैं।’