बीते महीने अभिनेता टाइगर श्रॉफ की गाड़ी पर हुई फायरिंग की घटना ने हर किसी को हैरान कर दिया था। इस हमले में टाइगर बाल-बाल बच गए, लेकिन घटना के बाद से वह मानसिक तनाव से गुजर रहे हैं। इस बीच उनके दोस्त और अभिनेता विद्युत जामवाल ने एक्टर से हुई बातचीत को लेकर भी खुलासा किया है।
विज्ञापन
सिर्फ इतना ही नहीं, विद्युत ने बातचीत के दौरान टाइगर श्रॉफ को सलाह भी दी। बता दें कि जब टाइगर पर हमला हुआ था, उस समय भी विद्युत ने एक वीडियो बनाते हुए उन लोगों पर सवाल उठाए थे, जो घटना के दौरान वहां मौजूद थे। एक्टर के वीडियो पर मीम्स बने और अब पॉडकास्ट में उन्होंने इस पर भी बात की।
Trending Videos
विद्युत जामवाल
- फोटो : इंस्टाग्राम
विद्युत ने क्या दी टाइगर को सलाह?
टाइगर से बातचीत को याद करते हुए विद्युत ने कहा कि वह समझ सकते हैं कि इस घटना के बाद टाइगर किस दबाव से गुजर रहे होंगे। उन्होंने टाइगर को सलाह दी कि वह इस घटना के डर से खुद को सीमित न करें। उन्हें फुटबॉल खेलना या अपनी फिटनेस से जुड़े वीडियो पोस्ट करना बंद नहीं करना चाहिए। विद्युत ने कहा कि टाइगर को वे सभी काम जारी रखने चाहिए, जिनकी वजह से वह इतने शानदार बने हैं। साथ ही वह खुद को पहले से ज्यादा फिट भी बना सकते हैं।
विद्युत जामवाल
- फोटो : इंस्टाग्राम
क्या बोले विद्युत जामवाल?
विद्युत ने माना कि इस घटना के बाद टाइगर का तनाव में होना स्वाभाविक है। उन्होंने कहा कि किसी पर गोली चलना ऐसा अनुभव है, जिसकी कल्पना करना भी मुश्किल है। एक्टर ने इसकी तुलना उन्होंने सेना के जवानों से की, जिन्हें पता होता है कि कोई उन्हें मारने की कोशिश कर रहा है। विद्युत के मुताबिक, ऐसे हालात से निपटने का कोई तय तरीका नहीं होता और टाइगर को इस बात का दबाव नहीं लेना चाहिए कि उन्हें किस तरह प्रतिक्रिया देनी है।
उन्होंने कहा, 'वह तनाव में हैं और उनके पास इसकी हर वजह है। उन पर जानलेवा हमला करने की कोशिश हुई है, इसलिए यह सामान्य अनुभव नहीं हो सकता। दुनिया में कोई भी यह नहीं कह सकता कि उसने इतने करीब से किसी को गोली चलाते देखा है। यह ऐसा अनुभव नहीं है, जिसकी कोई कल्पना कर सके।'
विद्युत जामवाल
- फोटो : इंस्टाग्राम@mevidyutjammval
क्यों विद्युत ने शेयर किया था वीडियो?
विद्युत ने बताया कि टाइगर पर फायरिंग की घटना की जानकारी मिलने के बाद उन्होंने वीडियो क्यों शेयर किया था। उन्होंने कहा कि टाइगर से बातचीत के दौरान जब उन्हें पता चला कि वह खुद को आसपास के लोगों से अलग कर रहे हैं, तो उन्हें काफी दुख हुआ। हालांकि, उन्हें सबसे ज्यादा गुस्सा इस बात पर आया कि मौके पर मौजूद लोगों में से किसी ने भी हमलावर को रोकने की कोशिश नहीं की।
विद्युत ने कहा कि वह यह उम्मीद नहीं कर रहे थे कि हर कोई हथियारबंद हमलावर से भिड़ने लगे, लेकिन वहां मौजूद लोगों में से कोई एक तो आगे आ सकता था। उनके मुताबिक, वहां से गुजर रहा कोई व्यक्ति भी हमलावर को रोकने की कोशिश कर सकता था। उन्होंने सवाल उठाया कि जब मौके पर इतने लोग मौजूद थे और सभी घटना का वीडियो बना रहे थे, तो किसी ने आगे बढ़कर कुछ करने की कोशिश क्यों नहीं की।
मीम्स और ट्रोलिंग पर कैसा था रिएक्शन?
विद्युत ने अपने वीडियो के बाद सोशल मीडिया पर बने मीम्स और ट्रोलिंग पर भी बात की। उन्होंने बताया कि उन्हें इंटरनेट पर लोगों के रिएक्शन देखकर काफी मजा आया। एक्टर ने मजाकिया अंदाज में कहा कि जब वह अमेरिका में थे, तब वह गर्व से कहते थे कि उन्हें कभी ट्रोल नहीं किया गया। लेकिन इसके बाद वह खुद मीम्स का हिस्सा बन गए। उन्होंने मजाक में कहा, 'भगवान ने मेरी बात बहुत जल्दी सुन ली।'