Sunil Thapa Death: 'मैरी कॉम' और 'द फैमिली मैन' जैसी फिल्मों व वेब सीरीज में नजर आ चुके अभिनेता सुनील थापा का आज निधन हो गया। जानिए क्या रही उनके निधन की वजह...
वेटरन नेपाली फिल्म एक्टर सुनील थापा अब इस दुनिया में नहीं रहे। उन्होंने 68 साल की उम्र में दुनिया को अलविदा कह दिया। जानकारी के मुताबिक, सुनील थापा को बेहोशी की हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई थी। इसके बाद काठमांडू के थापाथली स्थित नॉर्विक अस्पताल में इलाज के दौरान उनका निधन हो गया। उन्होंने बॉलीवुड की कई फिल्मों व वेब सीरीज में भी काम किया था।
विज्ञापन
ईसीजी से हुई निधन की पुष्टि
अस्पताल के चेयरपर्सन राजेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि उन्हें बेहोशी की हालत में अस्पताल लाया गया था। सुबह 7:44 बजे किए गए ईसीजी से उनकी मृत्यु की पुष्टि हुई। डॉक्टरों को संदेह है कि इसका कारण कार्डियक अरेस्ट था। अस्पताल के एक सूत्र ने पोस्ट को बताया, जब उन्हें लाया गया तो वे बेहोश थे। तुरंत ईसीजी किया गया, जिससे उनकी मृत्यु की पुष्टि हुई।
नेपाली सिनेमा के दिग्गजों में होती है गिनती
नेपाली सिनेमा के दिग्गज कलाकारों में शुमार सुनील थापा ने कई दशकों तक नेपाली, बॉलीवुड और भोजपुरी फिल्मों में व्यापक रूप से काम किया। उन्होंने 300 से अधिक नेपाली फिल्मों में अभिनय किया और फिल्म 'चीनो' में 'राते कैला' की अपनी प्रतिष्ठित भूमिका के लिए उन्हें काफी पहचान मिली। इस किरदार ने उन्हें इंडस्ट्री में सबसे फेमस विलेन के रूप में स्थापित कर दिया।
विज्ञापन
सुनील थापा के साथ प्रियंका चोपड़ा और मनोज बाजपेयी
- फोटो : सोशल मीडिया
‘मैरी कॉम’ और ‘द फैमिली मैन’ जैसी फिल्मों व सीरीज में आए नजर
सुनील थापा ने कई बॉलीवुड फिल्मों व वेब सीरीज में भी काम किया है। उन्हें बॉलीवुड में हाल ही में ‘द फैमिली मैन’ और ‘मैरी कॉम’ में काम करने के लिए पहचाना जाता है। ‘मैरी कॉम’ के लिए उन्हें फिल्मफेयर में भी नॉमिनेशन मिला। इसके अलावा उन्होंने ‘एक दूजे के लिए’ और ‘आज की आवाज’ जैसी बॉलीवुड फिल्मों में भी काम किया है। इसके अलावा सुनील थापा ने कई भोजपुरी फिल्मों में भी अभिनय किया है।
मॉडल और फोटो जर्नलिस्ट भी रहे
फिल्मों में आने से पहले सुनील ने 1970 के दशक के मध्य में मुंबई में एक मॉडल के रूप में अपना करियर शुरू किया। वो खेलों में भी सक्रिय रूप से शामिल थे और बॉम्बे के क्लबों के लिए पेशेवर फुटबॉल खेलते थे। अपने शुरुआती वर्षों में उन्होंने जेएस पत्रिका (जूनियर स्टेट्समैन) के लिए एक फोटो जर्नलिस्ट के रूप में भी काम किया और 1974 में भूटान के राज्याभिषेक को कवर किया।
खुद काठमांडू में रहते थे सुनील
थापा एवरेस्ट फिल्म अकादमी के अध्यक्ष भी रह चुके हैं। उनकी आखिरी फिल्म 'एकलो' थी। उनके परिवार के अन्य सदस्य मुंबई में रहते हैं। जबकि खुद वो काठमांडू के एक अपार्टमेंट में रह रहे थे।