टीजर में क्या कुछ आया नजर?
फिल्म के टीजर की शुरुआत वाराणसी नगरी की भव्य झलक के साथ होती है। इसके बाद कई सारे ऋषि हवन करते हुए नजर आते हैं। उसी हवन की अग्नि से
क्षुद्रग्रह जन्म लेता है, जो सीधा आसमान से अंटार्कटिका में बहती हुई बर्फीली नदी में गिरता है। इसके बाद सीधे अफ्रीका की झलक दिखाई जाती है जहां बहुत सारे जानवर हैं। यहीं एक वानर को दिखाने के बाद ही दिखती है हनुमान की झलक। इसके बाद हनुमान को लंका जलाते हुए एक मोशन पोस्टर के रूप में दिखाया गया है। हनुमान जी को पर्वत उठाते हुए दिखाया गया है।
यह खबर भी पढ़ें: GlobeTrotter Live: 'वाराणसी' का टीजर रिलीज, राजामौली ने की महेश बाबू की तारीफ; प्रियंका बोलीं- ये तो बस शुरुआत
इसके बाद वाराणसी की मणिकर्णिका घाट पर हाथ में त्रिशूल पकड़े दिखाया गया है रूद्र को। टीजर में महेश बाबू नंदी पर बैठे हुए नजर आ रहे हैं। रूद्र की झलक देखने के बाद फैंस के बीच अलग ही उत्साह देखने को मिला।
इवेंट के दौरान लॉन्च हुआ टीजर
फिल्म के टीजर को ग्लोबट्रॉटर इवेंट के दौरान शानदार तरीके से लॉन्च किया गया। इस दौरान महेश बाबू, प्रियंका चोपड़ा और खुद राजामौली मौजूद थे। फिल्म के टीजर में अभी सिर्फ महेश बाबू की पहली झलक देखने को मिल रही है। हालांकि उनकी इतनी सी झलक ही उनके फैंस को एक्साइटेड करने के लिए काफी है। फिल्म के टीजर को भव्य तरीके से वीएफएक्स का इस्तेमाल करके पेश किया गया है।
इवेंट के दौरान महेश बाबू ने क्या कहा?
ग्लोबट्रॉटर इवेंट के दौरान महेश बाबू ने मंच से कहा- 'मैं राजामौली को गर्व महसूस करवाऊंगा'। उन्होंने कहा- मैं सबको गर्व फील कराऊंगा! सबसे जरूरी बात, मैं अपने डायरेक्टर को गर्व महसूस करवाऊंगा। वाराणसी रिलीज होने के बाद पूरे देश को गर्व होगा।
महेश बाबू के किरदार पर क्या बोले राजामौली?
इवेंट के दौरान बात करते हुए राजामौली ने बताया, 'बचपन से ही मैं कई बार बता चुका हूं कि रामायण और महाभारत मेरे लिए क्या मायने रखते हैं। इन्हें बनाना मेरा सपना रहा है। मैंने कभी नहीं सोचा था कि मुझे रामायण का इतना महत्वपूर्ण हिस्सा इतनी जल्दी शूट करने का मौका मिलेगा। हर सीन और हर संवाद लिखते समय मुझे ऐसा लगा जैसे मैं हवा में तैर रहा हूं। पहले दिन जब महेश भगवान राम के गेटअप में फोटोशूट के लिए आए, तो मुझे सचमुच रौंगटे खड़े हो गए। मैं दुविधा में था- महेश में कृष्ण का आकर्षण है, लेकिन राम की शांति भी है। फिर भी, मैं आत्मविश्वास से भरा था। मैंने वो फोटो अपना वॉलपेपर भी बना लिया… और बाद में हटा दिया।'