फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

नए जमाने के इश्क में घुला वफा का रंग, दीपवीर के लाल इश्क से लेकर रालिया के केसरिया तक; कैसे बने ये पावर कपल?

Mon, 09 Feb 2026 06:00 AM IST
गोधूलि श्रीवास्तव एंटरटेनमेंट डेस्क,अमर उजाला

सार

Valentine Week 2026: बॉलीवुड के कई ऐसे जोड़े भी हैं जो इत्तेफाक से मिले पर मोहब्बत ने उन्हें एक कर दिया। प्यार का एहसास तो हर किसी को होता है पर उसे निभाना कैसे है? ये इन्होंने सिखाया। पढ़ें ऐसे ही कुछ जोड़ियों की कहानी जो आजकल के युवाओं के लिए मिसाल हैं।
विज्ञापन
वैलेंटाइन वीक स्पेशल - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

विज्ञापन

‘चांद-सितारे फूल-परिंदे शाम-सवेरा एक तरफ,
सारी दुनिया उसका चर्बा उसका चेहरे एक तरफ…’


वरुण आनंद के लिखे ये शब्द इश्क को महसूस करने के लिए काफी हैं। वैलेंटाइन के इस मोहब्बत भरे हफ्ते में आज हम जिक्र करेंगे कुछ ऐसी ही कहानियों का जो फैंस के लिए किसी परी कथा से कम नहीं हैं।
आज वैलेंटाइन वीक सीरीज की तीसरे कड़ी में पढ़िए कहानी उन सेलेब्रिटी कपल की जिनके प्यार की ताकत ने उनका नाम हमेशा के लिए एक कर दिया...

वैलेंटाइन वीक स्पेशल - रणवीर और दीपिका - फोटो : X

दीपिका का रणवीर के लिए लाल इश्क 

2010 में जब रणवीर सिंह ने बॉलीवुड में डेब्यू किया तब दीपिका पादुकोण इंडस्ट्री में उनसे तीन साल सीनियर थीं। दोनों की पहली मुलाकात 2012 में एक अवॉर्ड शो के दौरान हुई थी। हालांकि, उनके प्यार की असली शुरुआत फिल्म निर्देशक संजय लीला भंसाली के घर पर लंच के दौरान हुई। भंसाली की बदौलत ही इनका इश्क परवान भी चढ़ा। 

2013 में जब दीपिका, रणवीर के साथ फिल्म 'गोलियों की रासलीला राम-लीला' पर काम कर रही थीं तब इंडस्ट्री की टॉप एक्ट्रेसेस में से एक बन चुकी थीं। वहीं रणवीर की यह मात्र चौथी फिल्म थी। कहा जाता है कि इसी फिल्म के एक किसिंग सीन की शूटिंग के दोनों इतने खो गए थे कि डायरेक्टर के 'कट' बोलने के बाद भी वे नहीं रुके।

फिल्म में दोनों की जोड़ी को फैंस ने काफी प्यार दिया मगर तब फैंस यह नहीं जानते थे कि उनके ये फेवरेट कपल एक दिन रियल लाइफ में भी एक हो जाएंगे। कपल ने कई साल तक सबसे अपना रिश्ता छुपाकर रखा। फिर दोनों ने 'कॉफी विद करण' के सेट पर खुलासा किया कि वो 2015 में मालदीव में गुपचुप तरीके से सगाई कर चुके हैं।  

14 और 15 नवंबर 2018 में कपल ने इटली के लेक कोमो में कोंकणी और सिंधी रीति-रिवाजों से शादी की। सितंबर 2024 में दोनों एक बेटी के पैरेंट्स बने जिसका नाम उन्होंने 'दुआ' रखा है।

यह खबर भी पढ़ें: Valentine Week Special: इश्क के दरिया में डूबे पर नहीं मिला किनारा, रेखा का अधूरा प्यार और मधुबाला का इंतजार

वैलेंटाइन वीक स्पेशल - रणबीर और आलिया - फोटो : X

रणबीर के रंग में केसरिया हुईं आलिया 

रणबीर और आलिया की जोड़ी हर मौके पर फैंस के लिए कपल गोल्स सेट करती नजर आती है। मगर ये कम लोग ही जानते हैं कि रणबीर,आलिया के बचपन से ही उनका क्रश थे। दोनों की पहली मुलाकात फिल्म ‘ब्लैक’ के सेट पर हुई थी।

आलिया तब केवल 9 साल की थीं और निर्देशक संजय लीला भंसाली इस फिल्म के लिए ऑडिशन देने गई थीं। उस समय रणबीर, भंसाली के सहायक के तौर पर काम कर रहे थे। आलिया ने कई बार इंटरव्यू में स्वीकार किया है कि वह हमेशा से रणबीर से शादी करना चाहती थीं। 

इसके बाद 2012 में आलिया ने बतौर एक्ट्रेस बॉलीवुड डेब्यू किया। इसके बाद रणबीर से आलिया की मुलाकात तो कई बार हुई पर कुदरत ने इनकी जोड़ी को मिलाया 2018 में फिल्म ‘ब्रह्मास्त्र’ के सेट पर। पांच साल तक इस फिल्म की शूटिंग के दौरान रणबीर और आलिया एक दूसरे के करीब आए। 

दोनों ने करीब 5 साल तक एक-दूसरे को डेट किया। 2018 में हुए सोनम कपूर की शादी के रिसेप्शन पर पहली बार रणबीर-आलिया कपल के रूप में पहुंचे। इसके बाद रणबीर ने केन्या के मसाई मारा में आलिया को एक अंगूठी देकर प्रपोज किया था।

14 अप्रैल, 2022 को कपल ने मुंबई स्थित अपने घर 'वास्तु' की बालकनी में एक निजी समारोह में शादी कर ली। अपनी शादी में उन्होंने पारंपरिक 7 फेरों के बजाय केवल 4 फेरे लिए थे। शादी के कुछ महीने बाद ही नवंबर 2022 में उन्होंने अपनी बेटी राहा का स्वागत किया।

यह खबर भी पढ़ें: ना उम्र की सीमा हो, ना जन्म का हो बंधन; हेमा की मोहब्बत से सायरा के समर्पण तक; सितारों ने लिखी इश्क की दास्तां

वैलेंटाइन वीक स्पेशल - विराट और अनुष्का - फोटो : X

अनुष्का को विराट में दिखा अपना रब

अनुष्का और विराट की पहली मुलाकात साल 2013 में एक एड शूट के दौरान हुई थी। तीन दिनों तक चली इस शूटिंग के दौरान दोनों के बीच अच्छी दोस्ती हो गई। इसके एक साल बाद नवंबर 2014 में श्रीलंका के खिलाफ एक मैच में शतक लगाने के बाद जब विराट ने स्टेडियम में बैठी अनुष्का की ओर 'फ्लाइंग किस' दिया, तो दाेनों के रिश्ते की खबरों पर मुहर लग गई।

इसके बाद दोनों अक्सर साथ नजर आने लगे। अनुष्का, न्यूजीलैंड और इंग्लैंड के दौरों पर विराट को चीयर करने पहुंचती थीं।  हालांकि, कुछ वक्त बाद दोनों के ब्रेकअप की खबरें आईं। कहा गया कि दोनों ने सोशल मीडिया पर एक-दूसरे को अनफॉलो कर दिया है। 

2016 में जब विराट खराब फाॅर्म से गुजर रहे थे तो अनुष्का को इसका जिम्मेदार ठहराया गया। अनुष्का को इसे लेकर खूब ट्रोल किया गया और तब विराट ने सार्वजनिक तौर पर उनका बचाव करते हुए ट्रोलर्स को करारा जवाब दिया। 

आखिरी 11 दिसंबर 2017 को इस जोड़े ने इटली के टस्कनी में शादी कर ली। बाद में कपल ने दिल्ली और मुंबई में भव्य रिसेप्शन आयोजित किए। कपल अब दो बच्चों (वामिका और अकाय) हैं।

यह खबर भी पढ़ें: ‘बहुत आई गई यादें, मगर इस बार तुम्ही आना…’, स्मिता से लेकर शहनाज तक; अधूरी हाेकर भी पूरी हुई इनकी दास्तां

वैलेंटाइन वीक स्पेशल - रितेश और जेनेलिया - फोटो : X

रितेश बने जेनेलिया के पिया

इंडस्ट्री में रितेश और जेनेलिया ने प्यार की एक अलग ही परिभाषा गढ़ी है। दोनों की कहानी किसी फिल्म स्क्रिप्ट से कम नहीं है। दोनों की पहली मुलाकात साल 2002 में उनकी डेब्यू फिल्म 'तुझे मेरी कसम' के सेट पर हुई थी।

शुरुआत में जेनेलिया को लगा कि रितेश मुख्यमंत्री (विलासराव देशमुख) के बेटे होने के चलते घमंडी होंगे। एक्ट्रेस ने उन्हें नजरअंदाज करने की कोशिश भी की लेकिन इसी फिल्म की शूटिंग के दौरान रितेश के विनम्र स्वभाव ने जेनेलिया का दिल जीत लिया।

उनकी दोस्ती धीरे-धीरे प्यार में बदल गई। दिलचस्प बात यह है कि दोनों में से किसी ने भी एक-दूसरे को औपचारिक तौर पर प्रपोज ही नहीं किया।

लगभग 10 साल तक एक-दूसरे को डेट करने के बाद 3 फरवरी, 2012 को वे शादी के बंधन में बंध गए। कपल आज दो बेटे (रियान और राहिल) के माता पिता हैं। रितेश और जेनेलिया के बीच का दोस्ताना और बचपना ही उन्हें इंडस्ट्री का पावर कपल बनाता है।

यह खबर भी पढ़ें: इन्होंने जब इश्क में खुशियां मांगी..कांटों का हार मिला; सुशांत से लेकर जिया खान तक, मोहब्बत में टूटे ये सितारे

वैलेंटाइन वीक स्पेशल - सिद्धार्थ और कियारा - फोटो : X

कियारा ने सिद्धार्थ को बनाया अपना रांझा

2021 में रिलीज हुई फिल्म ‘शेरशाह’ में सिद्धार्थ और कियारा की जोड़ी को दर्शकों ने खूब प्यार दिया था। हालांकि, वो इस बात से अंजान थे कि सिड-कियारा एक दूसरे काे बहुत पहले ही पसंद कर चुके थे। 

कपल की पहली मुलाकात 2018 में करण जौहर की फिल्म 'लस्ट स्टोरीज' की रैप-अप पार्टी में हुई थी। सिद्धार्थ से पहली मुलाकात ही कियारा के लिए इतनी खास थी कि एक इंटरव्यू में उन्हाेंने बताया था कि उस शाम को वे कभी नहीं भूल सकतीं।

तीन साल की डेटिंग के बाद दोनों ने साथ में फिल्म 'शेरशाह' की शूटिंग की। इस दौरान उनका प्यार परवान चढ़ा। आगे चलकर सिद्धार्थ ने कियारा को रोम में एक वैकेशन के दौरान अपनी फैमिली की मौजूदगी में प्रपोज किया। यह प्रपोजल एक कैंडललाइट डिनर के दौरान हुआ था। 

बस फिर क्या था? 7 फरवरी 2023 को इस जोड़े ने राजस्थान के जैसलमेर स्थित सूर्यगढ़ पैलेस में शादी कर ली। बीते साल 15 जुलाई को कपल पहली बार पैरेंट्स बने। 

वैलेंटाइन वीक स्पेशल - विक्की और कटरीना - फोटो : X

जब रेल सी गुजरीं कटरीना तो थरथराए विक्की 

कटरीना कैफ और विक्की कौशल के रिश्ते ने कई सिनेप्रेमियों को चौंका दिया था। जब दोनों ने एक दूसरे को डेट करना शुरू किया तो एक तरफ कटरीना स्थापित एक्ट्रेस थीं। वहीं विक्की ने शोहरत हासिल करना शुरू ही किया था। दोनों की पहली मुलाकात जोया अख्तर की एक पार्टी में हुई थी। इसके बाद वे एक इंटरव्यू शो 'टेपकास्ट' में भी साथ दिखे। मगर इश्क की दस्तक पहली बार उन्हें तब महसूस हुई जब अनुपमा चोपड़ा ने उन्हें मिलवाया।
एक अवाॅर्ड फंक्शन के दौरान भी विक्की ने मजाक में कटरीना से पूछा, ‘मुझसे शादी करोगी?’। उस वक्त वहां सलमान खान भी मौजूद थे और इस मजाकिया पल का वीडियो काफी वायरल हुआ था।

लाख छिपाने के बाद भी फैंस को रिश्ते की पहली हिंट तब मिली जब कटरीना ने 2020 में होली पार्टी की एक तस्वीर साझा की। फोटोज में वो किसी के कंधे पर आराम कर रहीं थीं। फैंस के मुताबिक यह इंसान कोई और नहीं विक्की ही था। 
दिसंबर 2021 में यह कपल जैसलमेर में एक दूजे का हुआ। नवंबर 2025 में कपल ने अपने पहले बेटे विहान का स्वागत किया।

विज्ञापन

वैलेंटाइन वीक स्पेशल: आयुष्मान और ताहिरा - फोटो : X

ताहिरा ने मिलाया आयुष्मान के दिल का टेलीफोन 

चंडीगढ़ की गलियों से शुरू हुई आयुष्मान खुराना और ताहिरा कश्यप की प्रेम कहानी भी किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं।  दोनों की पहली मुलाकात एक ट्यूशन क्लास में हुई थी। आयुष्मान उस वक्त गाना गाते थे और ताहिरा को उनकी आवाज में किशोर कुमार के गाने सुनना पसंद था।

इसके बाद दोनों ने कॉलेज की पढ़ाई साथ की। दोनों में धीमे-धीमे प्यार पनप ही रहा था कि इस बीच आयुष्मान रियलिटी शो ‘रोडीज’ में हिस्सा लेने मुंबई चले गए। एक्टर के शो जीतने के बाद दोनों के रिश्ते में कई उतार-चढ़ाव आए। दोनों अलग होना चाहते थे पर हो न सके। अंतत: 2008 में दोनों ने शादी की ली। दोनों के दो बच्चे (विराजवीर और वरुष्का) हैं। 

शादी के बाद जिस तरह ताहिरा, आयुष्मान के करियर के मुश्किल दिनों में उनके साथ खड़ी रहीं। ठीक वैसे ही आयुष्मान ने भी ताहिरा को कैंसर जैसी बीमारी से लड़ने के लिए ताकत दी। यह जोड़ी आज के युवाओं के लिए मिसाल है।

—------------------------

वैलेंटाइन वीक स्पेशल की इस कड़ी में कल पढ़िए  
ऐसे सेलिब्रिटी कपल्स की कहानी जिनकी मोहब्बत का अंजाम बेहद खतरनाक रहा।

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें