'सैराब' का प्रोमो हाल ही में रिलीज हुआ है। प्रोमो में हीरो गिटार थामे मंच पर जाता है। उसे देखने के लिए भारी भीड़ जमा है। वह परफॉर्म करता है। उसकी प्रेमिका भी मौजूद है। मगर, हीरो की परफॉर्मेंस के बीच वह अचानक उठकर जाने लगती है और हीरो उसे रोकने की कोशिश करता दिखता है। हालांकि, इन दोनों भूमिकाओं में जो सितारे हैं, उनका चेहरा रिवील नहीं किया गया है।
नेटिजंस को याद आए 'सैयारा' के कृष कपूर
यह प्रोमो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। नेटिजंस इसकी तुलना अहान पांडे और अनीत पड्डा की ब्लॉकबस्टर फिल्म 'सैयारा' से कर रहे हैं। प्रोमो देखते ही लोगों को 'सैयारा' का कृष कपूर याद आ गया है। बता दें कि फिल्म में कृष कपूर की भूमिका अहान पांडे ने निभाई थी। 'सैराब' के प्रोमो में हीरो की एंट्री जिस अंदाज में हुई है और वह जिस तरह स्टेज पर परफॉर्म करने पहुंचता है, वह कुछ-कुछ 'सैयारा' के एक सीन से मिलता-जुलता है, जिसमें कृष कपूर स्टेज पर परफॉर्मेंस देता है।
नेटिजंस बोले- 'सैयारा कॉपी कर डाली'
प्रोमो पर नेटिजंस के दिलचस्प कमेंट्स आ रहे हैं। कुछ यूजर्स लिख रहे हैं, 'यह शो तो 'सैयारा' वाली वाइब्स दे रहा है'। एक अन्य यूजर ने लिखा, 'लगता है सैयारा की कॉपी कर डाली है'। वहीं, कुछ यूजर्स को लग रहा है कि यह शो 'बेपनाह' की वापसी है, जिसमें हरशद चोपड़ा और जेनिफर विंगेट लीड रोल में थे। कुछ यूजर्स स्टार्स के नाम पूछ रहे हैं और अपने-अपने हिसाब से कयास भी लगा रहे हैं। बता दें कि 'सैराब' स्टार प्लस पर दस्तक देगा। हालांकि, यह शो कब रिलीज होगा, इसे लेकर अभी अपडेट सामने नहीं आया है।