जहीर इकबाल ने तबाह की सोनाक्षी की जिंदगी
फिल्म 'तू है मेरी किरण' का ट्रेलर सस्पेंस और थ्रिल से भरा है। कहानी प्यार-मोहब्बत वाली है, मगर यह प्यार एकतरफा है। एक तरफा प्यार, दूसरे के लिए आफत बनता है। कुछ ऐसा ही इस ट्रेलर में देखने को मिला है। जहीर इकबार सनकी आशिक के रोल में हैं। सोनाक्षी सिन्हा को वो इस कदर परेशान कर देते हैं कि वह अकेले छोड़ देने की गुजारिश करती हैं।
सोनाक्षी ने मांगी अकेलेपन की 'भीख'
ट्रेलर में जहीर इकबाल सोनाक्षी से कहते हैं, 'तुम जैसी लड़की के लिए मुझ जैसे लड़के के लिए प्यार करना बहुत मुश्किल है'। दोनों में जान-पहचान होती है। बातें होती हैं। एक दिन जहीर का किरदार प्रपोज कर देता है और कहता है, 'आई लव यू किरण'। सोनाक्षी का किरदार चौंकता है और हद में रहने को कहता है। जहीर का जवाब होता है, 'अगर यह एकतरफा प्यार हुआ तो दिल टूट जाएगा मेरा। तुम्हें भी मुझसे प्यार करना होगा किरण'।
कब रिलीज होगी 'तू है मेरी किरण'
जुनूनी आशिक से तंग आकर सोनाक्षी कहती हैं, 'तुम्हें जो चाहिए, सब ले लो। मुझे अकेला छोड़ दो प्लीज'। किरण के साथ बहुत अजीब-अजीब घटनाएं घटती हैं। ट्रेलर में कुछ सस्पेंस भी है। हालांकि, इसका राज नहीं खुला है। क्या सस्पेंस है, यह फिल्म देखकर ही पता चलेगा। मगर, ट्रेलर काफी दिलचस्प है। यह फिल्म 23 अक्तूबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिलहाल ट्रेलर पर दर्शकों की सकारात्मक प्रतिक्रिया आ रही है।