फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

टाइगर श्रॉफ: अभिनेता पर हुई फायरिंग से बॉलीवुड सितारों में बढ़ी चिंता, सुनील शेट्टी और विद्युत ने उठाए सवाल

Tue, 20 Oct 2026 09:43 AM IST
राजश्री वर्मा एंटरटेनमेंट डेस्क, अमर उजाला

सार

Tiger Shroff Firing Case: बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर हुए हमले के बाद अब सुनील शेट्टी, विद्युत जामवाल और राम गोपाल वर्मा ने अपनी प्रतिक्रिया दी है।
विज्ञापन
बॉलीवुड सेलेब्स - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर हुई फायरिंग की घटना से पूरी फिल्म इंडस्ट्री में हड़कंप मच गया है। मशहूर फिल्म निर्देशक राम गोपाल वर्मा ने इस घटना को पहले कभी न देखा गया मामला बताया। वहीं, अभिनेता विद्युत जामवाल ने टाइगर के उन फैंस पर नाराजगी जताई, जो घटना के दौरान मदद करने के बजाय मूकदर्शक बने रहे।
विज्ञापन


बता दें कि यह घटना 18 अक्टूबर की शाम करीब 7 बजे मुंबई के जुहू इलाके में हुई। टाइगर श्रॉफ एक फुटबॉल क्लब से बाहर निकल रहे थे, तभी आरोपियों ने उनकी कार पर गोलियां चला दीं। हालांकि, टाइगर को मामूली चोटें आईं, लेकिन उनके ड्राइवर गंभीर रूप से घायल हो गए।
Trending Videos

सुनील शेट्टी - फोटो : इंस्टाग्राम
सुनील शेट्टी ने जताई चिंता
अभिनेता सुनील शेट्टी ने टाइगर श्रॉफ पर हुई फायरिंग की घटना पर हैरानी जताई। एक कार्यक्रम के दौरान मीडिया से बात करते हुए सुनील शेट्टी ने कहा, "पूरी दुनिया टाइगर और जैकी दादा से प्यार करती है। अगर उनके साथ ऐसा हो सकता है, तो किसी के साथ भी ऐसा हो सकता है। यह नहीं होना चाहिए था। टाइगर खेल और एक्सरसाइज पर इतना ध्यान देते हैं, नहीं पता कि ऐसा क्यों हुआ। ऐसा नहीं होना चाहिए था।'

उन्होंने आगे कहा, 'हम सभी के लिए सुरक्षित रहना बहुत जरूरी है। जैकी दादा मेरे बचपन के दोस्त हैं और मैं उम्मीद करता हूं कि सब कुछ ठीक हो जाएगा। मुझे इस बात की भी राहत है कि टाइगर ठीक हैं। उनके ड्राइवर को चोट लगी है और वह फिलहाल ठीक हो रहे हैं।'

राम गोपाल वर्मा - फोटो : सोशल मीडिया
राम गोपाल वर्मा ने किया ये पोस्ट
फिल्म निर्देशक राम गोपाल वर्मा ने टाइगर श्रॉफ पर हुई फायरिंग को एक ऐसी घटना बताया, जो पहले कभी देखने को नहीं मिली। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट साझा करते हुए लिखा, 'टाइगर श्रॉफ के साथ जो हुआ, वह पहले कभी नहीं देखा गया मामला है। पहले जब हत्याएं होती थीं, तो उनके पीछे फिरौती, सुपारी, आपसी समझौते जैसे कारण होते थे। लेकिन पहली बार ऐसा लग रहा है कि लोग अपनी शान और घमंड के लिए किसी की जान लेना चाहते हैं।'

विद्युत जामवाल - फोटो : इंस्टाग्राम
विद्युत जामवाल ने जताई नाराजगी
अभिनेता विद्युत जामवाल ने इस घटना के दौरान मौजूद टाइगर श्रॉफ के प्रशंसकों पर नाराजगी जताई। उनका कहना था कि जब टाइगर पर हमला हुआ, तब वहां मौजूद लोगों को केवल तमाशा देखने के बजाय आरोपियों को पकड़ने की कोशिश करनी चाहिए थी।

विद्युत जामवाल ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर साझा किए गए एक वीडियो में कहा, 'मैं आपके फैंस से कुछ कहना चाहता हूं। जो लोग आपको फुटबॉल खेलते देखने आते हैं, आपके लिए चीयर करते हैं और कहते हैं कि मैं आपका सबसे बड़ा फैन हूं, उनमें से किसी को तो आगे आकर आरोपियों को पकड़ने की कोशिश करनी चाहिए थी। यह क्या बात हुई दोस्तों? हम कुछ करते हैं, आपको भी कुछ करना चाहिए।"

उन्होंने मुंबई पुलिस से भी अपील की कि टाइगर को सुरक्षा देना जरूरी है, लेकिन ऐसी घटना दोबारा नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि अगर इस तरह की गलती दोबारा होती है, तो इसके लिए जिम्मेदार लोगों को जवाबदेह ठहराया जाना चाहिए।

विद्युत ने अपनी पोस्ट में लिखा, "हम जानते हैं कि हमारे देश में बहुत कुछ हो रहा है। कभी हम अपनी आवाज उठा सकते हैं और कभी नहीं। लेकिन हम अपने तरीके से ऐसा करते हैं। जब हम सड़क पर किसी महिला या पुरुष को परेशान होते या उस पर हमला होते देखते हैं, तो हम खड़े होकर तमाशा क्यों देखते हैं? हममें से कोई आगे बढ़कर सिर्फ गवाह बनने के बजाय इंसान की तरह मदद क्यों नहीं कर सकता? हमें तमाशा देखने वालों की नहीं, बल्कि आगे बढ़कर मदद करने वाले लोगों की जरूरत है।'
विज्ञापन

टाइगर श्रॉफ - फोटो : सोशल मीडिया
आरोपियों को 48 घंटे की ट्रांजिट रिमांड पर भेजा गया
बता दें कि गिरफ्तारी के बाद सोमवार को टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग के तीनों आरोपियों को कोटा में एक न्यायाधीश के सामने पेश किया गया। अदालत ने उन्हें मुंबई पुलिस की 48 घंटे की ट्रांजिट रिमांड पर भेज दिया।

न्यायाधीश के आवास पर पेशी के बाद राजस्थान पुलिस आरोपियों को मेडिकल जांच के लिए कोटा के एमबीएस अस्पताल लेकर गई। मेडिकल जांच पूरी होने के बाद कोटा पुलिस ने तीनों आरोपियों को मुंबई पुलिस के हवाले कर दिया।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें