कॉमेडी किंग कपिल शर्मा इन दिनों अपनी फिल्म ज्विगाटो की वजह से लगातार सुर्खियों में बने हुए हैं। इस फिल्म में उन्होंने अपनी शैली के विपरीत गंभीर किरदार निभाया है। नंदिता दास के निर्देशन में बनी इस फिल्म में उनकी एक्टिंग की भी जमकर तारीफ की जा रहा है। फिलहाल कपिल अपनी फिल्म का जमकर प्रमोशन कर रहे हैं। इसी कड़ी में वह स्टैंडअप कॉमेडियन जाकिर खान के शो में पहुंचे।
यह भी पढ़ें- Pushpa 2: अल्लू अर्जुन की 'पुष्पा 2' को मिला बॉलीवुड का साथ, यह स्टार निभा सकते हैं अहम भूमिका?
कपिल ने सुनाया दिलचस्प किस्सा
इस शो में उन्होंने फिल्म के अलावा खुद से जुड़ीं कई मजेदार बातें बताईं। इस बातचीत में उन्होंने बताया कि कैसे उनकी मां इस उम्र् में स्टार बन गई हैं। कपिल ने बताया कि उनकी मां उनके शो पर नियमित रूप से आती हैं। इस दौरान उन्होंने लंदन का एक दिलचस्प किस्सा भी सुनाया। एक्टर ने खुलासा कि एक बार उनकी मां तब नाराज हो गईं, जब महिलाओं का एक समूह उन्हें पहचाने बिना आगे बढ़ गया।
यह भी पढ़ें- Bhuvan Bam: बॉलीवुड के किंग शाहरुख खान के साथ नजर आए भुवन बाम, फोटो साझा कर एक्टर ने लिखी यह बात
महिलाओं को बुलाया दोबारा
उन्होंने बताया, ''मम्मी मेरे लगभग सभी शोज में आती हैं और वह काफी पॉपुलर हो गई हैं। हम एक बार लंदन गए थे और कहीं बैठे थे। तभी महिलाओं का एक ग्रुप आया, उन्होंने मेरे साथ फोटो खिंचवाई और वे चली गईं। यह देख मम्मी को बहुत बुरा लगा। उन्होंने उन्हें पीछे से आवाज लगाई और फिर उन्हें दोबारा बुलाया। तब महिलाओं ने उन्हें पहचाना और कहा कि आंटी जी आप यहां।' उन्होंने कहा कि वह यह सब खूब एंजॉय करती हैं और इस उम्र में स्टार बन गई हैं। उन्होंने आगे बताया कि शो में उनकी मां की मौजूदगी की वजह से राइटर भी कुछ भी विवादित लिखने से बचते हैं, जिसके कारण यह शो एक फैमिली शो बन चुका है।