अपने किरदार के बारे में पूछे जाने पर वीरेंद्र कहते हैं, ‘‘जिस दिन से मैंने धारावाहिक ‘भाग्य लक्ष्मी‘ की स्क्रिप्ट पढ़ी है तब से मैं सिर्फ मनोज बाजवा जैसे लोगों के बारे में सोच रहा हूं, जो असल में होते हैं लेकिन बहुत सीमित संख्या में। इस किरदार की सबसे खास बात है मनोज और लक्ष्मी के बीच बाप-बेटी का रिश्ता। मेरे कोई बच्चे नहीं हैं लेकिन इस तरह के किरदार मुझे एक अभिभावक होने की काफी समझ देते हैं। मुझे लगता है कि मैं यहां इसका पूरा इस्तेमाल करूंगा। मैं उम्मीद करता हूं कि पूरी टीम इस शो के साथ न्याय कर पाएगी।‘‘
‘हम पांच’, ‘पवित्र रिश्ता’, ‘जोधा अकबर’, ‘कुमकुम भाग्य’ और ‘कुंडली भाग्य’ जैसे कामयाब धारावाहिकों के के बाद बालाजी टेलीफिल्म्स ने धारावाहिक ‘भाग्य लक्ष्मी‘ का निर्माण किया है। मुंबई की पृष्ठभूमि पर आधारित शो ‘भाग्य लक्ष्मी‘ लक्ष्मी नाम की एक निस्वार्थ लड़की की कहानी है, जिसके पास सीमित साधन हैं, लेकिन अपनी गरीबी और जिंदगी के संघर्षों के बावजूद वह हमेशा अपनी जरूरतों से पहले दूसरों की जरूरतों का ख्याल रखती हैं। अभिनेत्री ऐश्वर्या खरे को धारावाहिक ‘भाग्य लक्ष्मी‘ में लीड रोल के लिए चुना गया है। उनकी जोड़ी अभिनेता रोहित सुचंती के साथ बनी है।