टीवी धारावाहिकों में स्पेशल अपीयरेंस के बढ़ते चलन की अगली कड़ी सीरियल गठबंधन में दिखाई देगी। मशहूर डांसर और एक्टर दृष्टि धामी इस सीरियल के अगले एपीसोड में खास गुडी पाडवा डांस करने वाली हैं।
उत्तर भारत में चैत्र नवरात्र से नव वर्ष का आगमन होता है, उसी तरह महाराष्ट्र में भी चैत्र नवरात्र का पहला दिन गुडी पाडवा पर्व के रूप में मनाया जाता है। गठबंधन की कहानी के मुताबिक अपनी खराब सेहत से जूझती धनक अब ठीक हो रही है और घरवाले उसकी वापसी का इंतजार कर रहे हैं। भगवान का शुक्रिया करने के लिए धनक के घर वाले पूरी कॉलोनी के साथ गुडी पाडवा पर्व मनाते हैं।
और, इसी उत्सव के बीच होगी दृष्टि धामी की दबंग स्टाइल में एंट्री। इस खास पेशकश में दृष्टि पिंगा, फितूरी और सपनों में मिलती है जैसे गानों पर डांस भी करेंगी। अपने इस डांस स्पेशल के बारे में दृष्टि कहती हैं, ‘नाचना मुझे हमेशा अच्छा लगता है और मैं इसे खूब पसंद भी करती हूं। गठबंधन सीरियल में मुझे बाकायदा मराठी मुलगी बनने का मौका मिला तो मैंने तुरंत हां कर दी क्योंकि मौका भी गुडी पाडवा का है। सीरियल के सारे कलाकारों के साथ हिंदी फिल्मों के कुछ सुपरहिट गानों पर नाचने का ये अनुभव शानदार रहा।’