सुनील ग्रोवर और अली असगर ने जब से कपिल शर्मा का साथ छोड़ा है तभी से शो की टीआरपी लगातार गिरती जा रही थी लेकिन जैसे-तैसे कपिल ने फिर से टॉप 5 में अपनी जगह बना ली। बावजूद इसके मुश्किलें उनका पीछा छोड़ने का नाम ही नहीं ले रहीं। खबर है कि सुनील, सुगंधा मिश्रा, अली और संकेत भोंसले के साथ क्रिएटिव डायरेक्टर प्रीति सिमोस ने कपिल के दुश्मन कृष्णा अभिषेक से हाथ मिला लिया है।
ये कलाकार सोनी पर ही एक नए कॉमेडी शो में नजर आएंगे। इंडियन एक्सप्रेस की खबर के मुताबिक, सुनील के साथ एक नया कॉमेडी शो जरूर बनाया जाएगा। अली, चंदन प्रभाकर, सुगंधा समेत जिन्होंने भी कपिल का शो छोड़ा है वो सभी इसमें काम करेंगे।
बता दें कि कपिल और सुनील के झगड़े की शुरुआत फ्लाइट में हुई थी जब 'द कपिल शर्मा शो' की पूरी टीम आस्ट्रेलिया के मेलबर्न और सिडनी में स्टेज शो के लिए गई थी। वहां से लौटते वक्त जब पूरी टीम बिजनेस क्लास में आराम कर रही थी तभी कपिल सुनील के पास गए और उन पर बेवजह चिल्लाने लगे। बताया गया कि फ्लाइट में कपिल ने कुछ ज्यादा ही ड्रिंक कर ली थी।
कपिल ने सुनील का कॉलर पकड़ा और कहने लगे, 'तू है कौन? तेरा शो फ्लॉप हो गया था। तू मेरा नौकर है। तू ने ऑस्ट्रेलिया में खुद से जो भी किया, वो भी फ्लॉप था।' इसके बाद ही सुनील ने कपिल का शो छोड़ दिया था।