करीना कपूर के साथ फिल्म 'वीरे दी वेडिंग' में नजर आए एक्टर सुमित व्यास ने अपनी गर्लफ्रेंड और एक्ट्रेस एकता कौल के साथ सगाई कर ली है। साथ ही अब शादी की डेट भी फाइनल कर दी है। काफी समय से सुमित व्यास की सगाई की खबरें आ रही थीं लेकिन इस बात की पुष्टि नहीं हुई थी।
सुमित और एकता इस साल 15 सितंबर को शादी के बंधन में बंधने वाले हैं। यह शादी जम्मू में होगी और दोनों के करीबी ही शामिल होंगे।
बॉम्बे टाइम्स को दिए एक इंटरव्यू में सुमित व्यास ने कहा कि 'एकता बहुत शानदार इंसान है। कुछ समय पहले मैंने उसे शादी के लिए प्रपोज किया और इससे पहले वो अपना मन बदल लेती मैंने उसके हाथों में अंगूठी पहना दी। मुझे खुशी है कि उसे रिंग बहुत पसंद आई और उसने तुरंत हां बोल दिया। दुर्भाग्यवश, मैंने जो अंगूठी खरीदी उसका साइज सही नहीं था।'
वहीं एकता ने कहा कि 'जिससे आप बेइंतहा प्यार करते हो उससे शादी करना बेहतरीन अहसास है। मुझे खुशी है कि मैं सुमित से शादी कर रही हूं।' उन्होंने आगे कहा कि 'सुमित ने सबसे पहले मेरे माता-पिता से बातचीत की, इसके बाद शादी के लिए प्रपोज किया। पता नहीं उसे ऐसा क्यों लगा कि मैं तुरंत हां नहीं कहूंगी। सुमित को ना नहीं कहती।'
बता दें कि सुमित के तलाक लेने के बाद दोनों की बातचीत शुरू हुई। दोनों एक प्रोमो शूट के दौरान मिले थे। पिछले साल सुमित का तलाक एक्ट्रेस शिवानी टैंकसाले से हुआ था। सुमित और शिवानी की शादी साल 2010 में हुई थी।