अब तक छोटे परदे की ऐसी बहुत सी एक्ट्रेसेज हैं, जो जब परदे पर आईं, तो लोगों के दिलों-दिमाग पर छा गईं। उनकी सूरत, उनका किरदार लोगों को ऐसा पसंद आया कि शो भी हिट हुआ। लेकिन फिर किसी न किसी कारण से ये एक्ट्रेसेज अचानक ही छोटे परदे से गायब हो गईं। उनके गायब होने के पीछे कारण कभी बेहद निजी, तो कभी प्रोफेशनल रहे।
जब वे परदे से गायब हुईं, तो दर्शकों ने भी उन्हें बहुत मिस किया। गौतमी कपूर, बरखा बिष्ट, कांची कौल, प्राची शाह और आमना शरीफ ऐसी ही छोटे परदे की हीरोइनें हैं, जिनकी पॉपुलैरिटी उन्हें या तो वापस छोटे परदे पर ले आई है या लाने वाली है।
लगभग दो साल बाद बरखा बिष्ट टेलीविजन स्क्रीन पर वापस आई हैं। 'कितनी मस्त है जिंदगी' और 'प्यार के दो नाम, एक राधा एक श्याम', 'कसौटी जिंदगी की' जैसे सीरियल करने के बाद बरखा ने एक्टर इंद्रनील सेनगुप्ता से शादी की और मां बनने के बाद उन्होंने टीवी से एक ब्रेक ले लिया। अब वे सोनी टीवी पर 'परवरिश कुछ खट्टी, कुछ मीठी' शो में रूपाली गांगुली की जगह पिंकी आहूजा के किरदार में दिख रही हैं।
टीवी के फेमस एक्टर यश टोंक की पत्नी गौरी टोंक सोनी टीवी के शो 'क्राइम पेट्रोल' में भी दिखी थीं।
जी टीवी पर आए धारावाहिक 'सात फेरे' में सलोनी बनी राजश्री ठाकुर भी सोनी टीवी पर आ रहे शो 'भारत का वीर पुत्र महाराणा प्रताप' में महाराणा प्रताप की रील लाइफ मां महारानी जयवंताबाई सोंगरा बनकर हाल ही में कमबैक कर चुकी हैं। टीवी से वे लगभग तीन साल तक दूर रहीं। शादी के बाद उन्होंने जो ब्रेक लिया, तो वह लंबा खिंच गया मन माफिक भूमिकाएं न मिलने के कारण। अब जब उन्हें यह ऐतिहासिक रानी की भूमिका मिली, तो कमबैक का बहाना बन गया।
सीरियल 'भाभी' और 'एक लड़की अनजानी सी' वाली कांची कौल भी शो 'मेरी भाभी' से कमबैक कर चुकी हैं। एक्टर शब्बीर अहलूवालिया से शादी के कारण टीवी से ब्रेक लेने वाली कांची कौल पांच साल बाद टीवी पर वापस आई हैं।
स्टार प्लस पर यह शो इस महीने ही शुरू हुआ है। उन्हीं की तरह 'क्योंकि सास भी कभी बहू थी' में पूजा के किरदार में मशहूर हुई प्राची शाह भी सुनने में आ रहा है कि स्टार प्लस के एक शो में आने वाली हैं। 2009 के बाद से वे फिल्मों में सक्रिय थीं। अब वे मां के रोल में कमबैक कर रही है।
टीवी शो 'कहीं तो होगा' की कशिश बनी आमना शरीफ पांच साल बाद टीवी पर शो 'होंगे जुदा ना हम' में दिखीं। सुनते हैं कि एक्ट्रेस गौतमी कपूर भी अपने कमबैक की कोशिशों में लगी हैं।